LOADING...
चैंपियंस ट्रॉफी 2025: रोहित शर्मा ने लगातार 10वीं बार हारा टॉस, बनाया अनचाहा रिकॉर्ड
रोहित शर्मा ने वनडे में लगातार 10वीं बार हारा टॉस (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

चैंपियंस ट्रॉफी 2025: रोहित शर्मा ने लगातार 10वीं बार हारा टॉस, बनाया अनचाहा रिकॉर्ड

Mar 02, 2025
02:44 pm

क्या है खबर?

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में रविवार को दुबई में भारतीय क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच लीग चरण का आखिरी मुकाबला खेला गया। मैच में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके साथ भारतीय टीम के नाम वनडे प्रारूप में लगातार 13 मुकाबलों में टॉस हारने का विश्व रिकॉर्ड दर्ज हो गया। इसी तरह भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के नाम भी लगातार 10 टॉस हारने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया।

टॉस

वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल से लगातार हार रहे टॉस 

भारत के टॉस हारने का सिलसिला 2023 वनडे विश्व कप फाइनल से शुरू हुआ था। उसके बाद केएल राहुल की अगुआई में भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में तीनों टॉस गंवाए थे। 2024 में भारत ने श्रीलंका के खिलाफ 3 वनडे मैचों की सीरीज खेली थी। वहां भी वो सभी टॉस हारे थे। इंग्लैंड के खिलाफ सभी 3 मुकाबलों में भारतीय टीम टॉस हारी थी। अब चैंपियंस ट्रॉफी के तीनों मुकाबलों में भी टीम टॉस हार गई।

रिकॉर्ड

रोहित लगातार 10 टॉस हारने वाले पहले भारतीय कप्तान

रोहित ने यह लगातार 10वें वनडे में टॉस गंवाया है। इसके साथ ही वह यह अनचाहा रिकॉर्ड बनाने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं। विश्व स्तर पर वनडे क्रिकेट में लगातार सबसे अधिक टॉस गंवाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा के नाम है, जिन्होंने अक्टूबर 1998 से मई 1999 के बीच लगातार 12 टॉस गंवाए थे। सूची में दूसरे नंबर पर नीदलैंड के पूर्व कप्तान पीटर बोरेन (11) और तीसरे पर रोहित हैं।

प्रदर्शन

टॉस हारने के दौरान कैसा रहा भारत का प्रदर्शन?

2023 विश्व कप का फाइनल में ट्रॉस हारने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी। राहुल की अगुवाई में टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में 2-1 से जीत मिली थी। श्रीलंका के खिलाफ रोहित की कप्तानी में पहला मैच टाई था, लेकिन बाद में श्रीलंका ने लगातार 2 मैच जीते। इंग्लैंड के खिलाफ भारत को 3-0 से जीत मिली और चैंपियंस ट्रॉफी के पहले दोनों मैचों में भी टीम को जीत मिली है।