Page Loader
IPL: चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ ऐसा रहा है रोहित शर्मा का प्रदर्शन, जानिए आंकड़े

IPL: चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ ऐसा रहा है रोहित शर्मा का प्रदर्शन, जानिए आंकड़े

Sep 18, 2020
08:30 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 13वें संस्करण की शुरुआत 19 सितंबर से संयुक्त अरब अमीरात में होगी। पहला मैच चार बार की विजेता टीम मुंबई इंडियंस (MI) और तीन बार की विजेता चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के बीच खेला जाएगा। MI के कप्तान 'हिटमैन' यानी रोहित शर्मा ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली CSK के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन किया है और कई रिकॉर्ड बनाए हैं। आइए CSK के खिलाफ उनके प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

रन

चेन्नई के खिलाफ IPL का दूसरा सर्वाधिक स्कोर

पूर्व में डेक्कन चार्जर्स के लिए भी कप्तानी करने वाले रोहित ने IPL में CSK के खिलाफ 27 मैचों में 29.37 की औसत और 125 के धमाकेदार स्ट्राइक-रेट के साथ कुल 705 रन बनाए हैं। रोहित IPL में CSK के खिलाफ 700 रन बनाने वाले मात्र दूसरे बल्लेबाज हैं। इस मामले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान विराट कोहली उनसे आगे हैं। उन्होंने CSK के खिलाफ 37 मैचों में 37.35 की औसत से 747 रन बनाए हैं।

क्या आप जानते हैं?

रोहित ने CSK के खिलाफ जड़े हैं सबसे ज्यादा अर्द्धशतक

रोहित ने IPL में CSK के खिलाफ सात अर्द्धशतक लगाए हैं। इस मामले में वह पहले पायदान पर काबिज हैं। विराट कोहली, शिखर धवन और डेविड वार्नर तीनों छह-छह अर्द्धशतकों के साथ दूसरे पायदान पर बने हुए हैं।

चौके-छक्के

चेन्नई के खिलाफ सबसे ज्यादा चौके जड़ने वाले दूसरे बल्लेबाज

रोहित ने दुनिया की सबसे अधिक लोकप्रिय क्रिकेट लीग IPL में CSK के खिलाफ अब तक कुल 59 चौके जड़े हैं। वह CSK के खिलाफ सबसे ज्यादा चौके जड़ने के मामले में भी दूसरे पायदान पर है। इस मामले में टीम इंडिया में उनके साथी ओपनर शिखर धवन उनसे आगे हैं। उन्होंने कुल 70 चौके जड़े हैं। इसी तरह रोहत ने CSK के खिलाफ कुल 25 छक्के जड़े हैं। इस मामले में वह पांचवें पायदान पर काबिज हैं।

जानकारी

IPL में CSK के खिलाफ रोहित का है सर्वश्रेष्ठ कप्तानी रिकॉर्ड

रोहित के नाम IPL में CSK के खिलाफ बतौर कप्तान सबसे ज्यादा 16 मैच खेलने का रिकॉर्ड है। इनमें से उन्होंने 10 मैंचों में जीत हासिल की है। कप्तान के तौर पर CSK के खिलाफ उनका जीत का प्रतिशत 62.50 है, जोकि सबसे अधिक है।

प्रदर्शन

IPL में ऐसा रहा है रोहित का प्रदर्शन

रोहित शर्मा ने अपने IPL करियर में अब तक कुल 188 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 31.60 की औसत और 130.82 की स्ट्राइक रेट से कुल 4,898 रन बनाए हैं। इस बीच रोहित ने 36 अर्धशतक और एक शतक भी जड़ा है। रोहित शर्मा ने IPL में 431 चौके और 194 छक्के लगाए हैं। इस बीच फील्डिंग करते हुए रोहित शर्मा ने 83 कैच भी पकड़े हैं। वहीं उन्होंने IPL में हैट्रिक समेत 15 विकेट भी लिए हैं।