Page Loader
रोहित शर्मा वनडे में शाहीन के खिलाफ पहले ओवर में छक्का जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बने
रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने भारत को दिलाई अच्छी शुरुआत (तस्वीर: X/@BCCI)

रोहित शर्मा वनडे में शाहीन के खिलाफ पहले ओवर में छक्का जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बने

Sep 10, 2023
06:21 pm

क्या है खबर?

एशिया कप 2023 में सुपर-4 के तीसरे मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहले ओवर से ही अपने इरादे स्पष्ट कर दिए। कप्तान रोहित शर्मा ने पहला ओवर करने आए शाहीन शाह अफरीदी की आखिरी गेंद पर छक्का जड़ा। रोहित वनडे में शाहीन के खिलाफ पहले ओवर में छक्का जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं।

प्रदर्शन

शाहीन ने किया पहला ओवर

नई गेंद के बेहतरीन गेंदबाजों में से एक शाहीन को बाबर आजम ने पहला ओवर सौंपा गया और भारत की ओर से रोहित ने स्ट्राइक ली। पहली 5 गेंदें रोहित ने बड़ी सावधानी से खेलीं और इन पर कोई रन नहीं बना। हालांकि, शाहीन की अंतिम गेंद को रोहित ने डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर फ्लिक करके अपना खाता खोला। टूर्नामेंट के तीसरे मैच में जब भारत-पाकिस्तान का सामना हुआ था तो शाहीन ने ही रोहित को पवेलियन भेजा था।

आंकड़े

पहले ओवर में शाहीन का रिकॉर्ड

शाहीन पहले ओवर में बल्लेबाजों के लिए काफी मुश्किल खड़ी करते हैं। उन्होंने वनडे में अब तक 26 बार पहला ओवर किया है। इस दौरान उन्होंने मात्र 3.88 की इकॉनमी रेट से रन खर्च किए हैं। शाहीन ने पहले ओवर में 7 विकेट भी चटकाए हैं। रोहित ने शाहीन के खिलाफ वनडे में 42 गेंदों पर 33 रन बनाए हैं। इस दौरान 32 गेंदों पर रोहित ने कोई रन नहीं बनाया। साथ ही उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के लगाए।