LOADING...
रोहित शर्मा एशिया कप में सर्वाधिक 50+ स्कोर करने वाले भारतीय बने, सचिन को पीछे छोड़ा 
रोहित ने खेली शानदार पारी (तस्वीर: X/@BCCI)

रोहित शर्मा एशिया कप में सर्वाधिक 50+ स्कोर करने वाले भारतीय बने, सचिन को पीछे छोड़ा 

Sep 05, 2023
12:51 am

क्या है खबर?

एशिया कप 2023 के पांचवें मैच में भारतीय क्रिकेट टीम ने नेपाल क्रिकेट टीम को डक वर्थ लुईस (DLS) नियम की बदौलत 10 विकेट से हरा दिया। इस मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का बल्ला जमकर बोला। उन्होंने अपने वनडे करियर का 49वां अर्धशतक लगाते हुए नाबाद 74 रन की पारी खेली। यह एशिया कप में 10वां मौका है, जब उन्होंने 50 से अधिक रन की पारी खेली है। आइए उनकी पारी और रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

शानदार रही रोहित की पारी 

पहले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ महज 11 रन बनाने वाले रोहित ने इस मैच में ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने अपने वनडे करियर का 49वां अर्धशतक पूरा करने के लिए 39 गेंदों का सहारा लिया। भारतीय कप्तान ने 59 गेंदों में 6 चौकों और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 74 रन बनाए और अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की। इस बीच उन्होंने शुभमन गिल (67*) के साथ मिलकर 147 रन की अटूट साझेदारी भी की।

सचिन 

रोहित एशिया कप में सर्वाधिक 50+ स्कोर करने वाले भारतीय बने

रोहित का यह वनडे प्रारूप में खेले गए एशिया कप में सातवां अर्धशतक है। वह 50 ओवर प्रारूप में 1 शतक भी लगा चुके हैं। इसके अलावा वह टी-20 प्रारूप में खेले गए एशिया कप में 2 अर्धशतक जड़ चुके हैं। ऐसे में वनडे और टी-20 प्रारूप को मिलाकर उनके एशिया कप में 10 स्कोर, 50 रन से अधिक के हो गए हैं। उन्होंने इस मामले में सचिन तेंदुलकर (9) को पीछे छोड़ा है।

Advertisement

छक्के 

रोहित 5 छक्के जड़कर इस विशेष सूची में शामिल हुए 

नेपाल के खिलाफ रोहित ने अपनी पारी में 5 छक्के लगाए। उन्होंने एशिया कप के इतिहास में एक वनडे पारी में सुरेश रैना (बनाम हांगकांग, 2008) और वीरेंद्र सहवाग (बनाम पाकिस्तान, 2008) के छक्कों की बराबरी कर ली है। इस टूर्नामेंट में एक वनडे पारी में उनसे ज्यादा छक्के सिर्फ सौरव गांगुली (7 छक्के बनाम बांग्लादेश, 2000) और महेंद्र सिंह धोनी (6 छक्के बनाम हांगकांग, 2008) ने लगाए हुए हैं।

Advertisement

करियर 

रोहित के वनडे करियर पर एक नजर 

रोहित ने भारतीय टीम के लिए 246 वनडे मैच खेले हैं। इसकी 239 पारियों में उन्होंने 48.87 की उम्दा औसत के साथ 9,922 रन बनाए हैं। उन्होंने 90.08 की स्ट्राइक रेट और 264 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ 30 शतक और 49 अर्धशतक लगाए हैं। रोहित वनडे क्रिकेट में 36 बार नाबाद भी रहे हैं। वह इस समय वनडे में विश्व के 15वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

लेखा-जोखा 

भारत ने दर्ज की जीत 

पहले खेलते हुए नेपाल ने आसिफ शेख (58) और सोमपाल कामी (48) की पारियों की बदौलत 8.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 230 रन बनाए। भारत से जडेजा और सिराज ने 3-3 विकेट लिए। जवाब में जब भारत ने 2.1 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 17 रन बना लिए थे, तब बारिश से खेल रोका गया। इसके बाद जीत के लिए मिले 145 रन के लक्ष्य (ओवर- 23) को भारत ने रोहित और गिल (67*) की बदौलत हासिल किया।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस 

रोहित के नेतृत्व में 2018 में भारतीय टीम ने एशिया कप का खिताब जीता। फाइनल मैच में भारत ने बांग्लादेश को 3 विकेट से हराया था। वनडे प्रारूप में खेले गए उस संस्करण में भारत ने अपने 5 मैचों में जीत दर्ज की थी।

Advertisement