Page Loader
ऋषभ पंत IPL 2024 में वापसी के लिए तैयार, दिल्ली कैपिटल्स की करेंगे कप्तानी- रिपोर्ट
IPL 2024 में खेलेंगे ऋषभ पंत (तस्वीर: एक्स/@DelhiCapitals)

ऋषभ पंत IPL 2024 में वापसी के लिए तैयार, दिल्ली कैपिटल्स की करेंगे कप्तानी- रिपोर्ट

Feb 20, 2024
05:07 pm

क्या है खबर?

विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 में खेलने के लिए तैयार हैं। ऐसी खबर है कि पंत आगामी सीजन में बतौर विशेषज्ञ बल्लेबाज खेलते हुए नजर आएंगे। वह पूरे सीजन के लिए उपलब्ध रहेंगे और दिल्ली कैपिटल्स (DC) की कप्तानी भी करेंगे। 30 दिसंबर, 2022 को हुए सड़क हादसे के बाद वह फिर से क्रिकेट के मैदान पर वापसी करते हुए दिखेंगे। यह उनकी टीम DC और उनके चाहने वालों के लिए सुखद खबर है।

खबर

दिल्ली की कप्तानी करेंगे पंत

क्रिकबज के अनुसार, पंत बेंगलुरु के पास अलूर में एक वार्म-अप गेम में शामिल हुए हैं, जिसमें रिकवरी के सकारात्मक संकेत दिख रहे हैं। लंबे समय बाद उन्होंने कोई मैच खेला है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और उनकी IPL फ्रेंचाइजी के सूत्रों ने संकेत दिया है कि 26 वर्षीय पंत IPL 2024 में DC का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं। बता दें कि वह फिलहाल NCA में रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।

विशेषज्ञ बल्लेबाज

IPL 2024 में विकेटकीपिंग से परहेज कर सकते हैं पंत

ऐसा माना जा रहा है कि पंत आगामी सीजन में विकेटकीपिंग नहीं करेंगे और विशेषज्ञ बल्लेबाज के तौर पर मैदान पर उतरेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह बल्लेबाजी करने के लिए अच्छी खासी फिटनेस हासिल कर चुके हैं। बता दें कि DC के दल में रिकी भुई, कुमार कुशाग्र और अभिषेक पोरेल के रूप में 3 भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज मौजूद हैं। विदेशी विकल्पों में दक्षिण अफ्रीका के ट्रिस्टन स्टब्स और वेस्टइंडीज के शाई होप शामिल हैं।

करियर

शानदार रहा है पंत का IPL करियर 

पंत ने अपने IPL करियर की शुरुआत 2016 के सीजन से की थी। उसके बाद से लेकर अब तक वह 98 मैचों में 34.61 की औसत और 147.97 की दमदार स्ट्राइक रेट से 2,838 रन बना चुके हैं। इस बीच उन्होंने 15 अर्धशतक और 1 शतक लगाया है। पंत ने क्रमशः 2021 और 2022 में DC का नेतृत्व किया था। उनकी कप्तानी में DC को 30 में से 16 में जीत और 13 में हार का सामना करना पड़ा है।

जानकारी

IPL 2023 में कैसा रहा था दिल्ली का प्रदर्शन?

पंत की गैरमौजूदगी में IPL 2023 में DC का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। डेविड वार्नर की कप्तानी में टीम ने अपने 14 में से सिर्फ 5 मैच जीते थे और अंक तालिका में टीम 9वें स्थान पर रही थी।

हादसा

सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए थे पंत  

30 दिसंबर, 2022 को पंत सड़क दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गए थे। इसके बाद से ही वह क्रिकेट से दूर चल रहे हैं। वह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2021-23 के फाइनल, IPL 2023 और बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के अलावा कई सीरीज से बाहर हो गए थे। बीते साल एशिया कप और भारत की मेजबानी में वनडे विश्व कप जैसे दो बड़े ICC टूर्नामेंट भी खेले गए थे, जिसमें पंत हिस्सा नहीं ले सके थे।