2020-21 सीजन में ये बड़े रिकॉर्ड्स बना सकते हैं क्रिस्टियानो रोनाल्डो
क्या है खबर?
युवेंटस के लिए खेलने वाले पुर्तगाली फारवर्ड क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 2019-20 सीजन में अच्छा प्रदर्शन किया था और उनके क्लब ने सेरी-ए का खिताब अपने नाम किया था।
वह लीग में दूसरे सबसे अधिक गोल दागने वाले खिलाड़ी रहे थे।
2020-21 सीजन में रोनाल्डो सभी प्रतियोगिताओं में अपनी छाप छोड़ने की पूरी कोशिश करेंगे।
एक नजर डालते हैं उन रिकॉर्ड्स पर जिन्हें रोनाल्डो आने वाले सीजन में बना सकते हैं।
सेरी-ए
सेरी-ए में ये रिकॉर्ड्स बना सकते हैं रोनाल्डो
युवेंटस के लिए एक सीजन में सबसे अधिक 31 गोल दागने का संयुक्त रिकॉर्ड रोनाल्डो के नाम है और वह इसे संयुक्त से हटाकर अपना बनाने की कोशिश करेंगे।
2018-19 और 2019-20 दोनो सीजन में वह लगातार सेरी-ए में युवेंटस के लिए सबसे अधिक गोल दागने वाले खिलाड़ी रहे और आने वाले सीजन में वह अपनी हैट्रिक पूरी कर सकते हैं।
रोनाल्डो (52) गोल के मामले में फिलिपो इंजाघी (57) और माइकल प्लातिनी (68) से आगे निकल सकते हैं।
100 गोल
युवेंटस के लिए अपने 100 गोल पूरे कर सकते हैं रोनाल्डो
अब तक खेले दो सीजन में रोनाल्डो ने युवेंटस के लिए सभी प्रतियोगिताओं में मिलाकर 65 गोल दागे हैं।
आने वाले सीजन में 35 गोल दागकर वह युवेंटस के लिए अपने 100 गोल पूरे कर सकते हैं।
युवेंटस के लिए केवल 11 खिलाड़ी ही 100 या उससे ज्यादा गोल कर सके हैं।
क्लब के लिए गोल दागने के मामले में रोनाल्डो कई महान खिलाड़ियों से आगे निकल सकते हैं।
चैंपियन्स लीग
छठा चैंपियन्स लीग खिताब जीतना चाहेंगे रोनाल्डो
रोनाल्डो ने अब तक पांच बार चैंपियन्स लीग खिताब अपने नाम किया है और चैंपियन्स लीग एरा में वह छह बार इस खिताब को जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन सकते हैं।
वह पेस जेंटो के सबसे अधिक छह UCL/यूरोपियन कप टाइटल जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी कर सकते हैं।
इसके अलावा वह सीडोर्फ द्वारा तीन अलग-अलग क्लबों के साथ चैंपियन्स लीग खिताब जीतने के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर सकते हैं।
अन्य रिकॉर्ड्स
चैंपियन्स लीग में रोनाल्डो बना सकते हैं ये रिकॉर्ड्स
रोनाल्डो ने दो सीजन में युवेंटस के लिए 10 चैंपियन्स लीग गोल दागे हैं।
यदि वह आने वाले सीजन में आठ गोल दागते हैं तो इंजाघी को पीछे छोड़कर युवेंट्स के लिए तीसरे सबसे ज्यादा गोल दागने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।
क्वालीफायर्स को हटाकर रोनाल्डो ने चैंपियन्स लीग में 170 अपिएरेंस किया है।
वह इकर कैसिलास (177) को पछाड़कर सबसे ज्यादा चैंपियन्स लीग मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं।