Page Loader
WPL 2024: RCB ने यूपी को हराकर दर्ज की तीसरी जीत, जानिए मैच का हाल 
RCB की इस सीजन तीसरी जीत है (तस्वीर: एक्स/@wplt20)

WPL 2024: RCB ने यूपी को हराकर दर्ज की तीसरी जीत, जानिए मैच का हाल 

Mar 04, 2024
10:52 pm

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2024 के 11वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने यूपी वॉरियर्स (UPW) को 23 रन से हराते हुए सीजन में तीसरी जीत दर्ज की। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम पर हुए मैच में RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्मृति मंधाना (80) की शानदार पारी की बदौलत 198/3 का स्कोर बनाया था। जवाब में UPW की टीम 175 रन ही बना पाई। RCB के लिए सोफी डिवाइन, आशा शोभना और जॉर्जिया वेयरहैम ने 2-2 विकेट लिए।

लेखा-जोखा

मैच में क्या हुआ? 

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी RCB की शुरुआत कमाल की रही। मंधाना ने सब्भिनेनि मेघना (28) के साथ पहले विकेट के लिए 51 रन जोड़ दिए। इसके बाद मंधाना और एलिस पेरी (58) ने जुझारू पारी खेलते हुए टीम के स्कोर को 198 रन तक पहुंचाया। WPL में यह RCB का सबसे बड़ा स्कोर भी है। UPW के लिए उनकी कप्तान एलिसा हीली (55) का बल्ला तो जमकर बोला, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला पाईं।

पारी

मंधाना ने WPL 2024 में लगाया दूसरा अर्धशतक 

मंधाना ने मैच में 50 गेंद का सामना किया और 80 रन बनाए। उनके बल्ले से 10 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 160.00 की रही। यह इस WPL सीजन इस खिलाड़ी का दूसरा अर्धशतक था। उन्होंने इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 74 रन बनाए थे। वह इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज भी बन गई हैं। उन्होंने 5 पारियों में 43.80 की औसत से 219 रन बनाए हैं।

ताबड़तोड़

पेरी ने खेली ताबड़तोड़ पारी 

पेरी ने मैच में 37 गेंद का सामना किया और 4 चौके और 4 छक्के की मदद से 58 रन बना दिए। उनकी स्ट्राइक रेट 156.76 की रही। यह इस सीजन उनका पहला अर्धशतक था। इससे पहले उन्होंने 44, 23 और 8 के स्कोर बनाए थे। टी-20 क्रिकेट की बात करें तो पेरी के करियर का यह 10वां अर्धशतक था। उन्होंने 152 मुकाबलों में 31.00 से ज्यादा की औसत से 1,800 से ज्यादा रन बनाए हैं।

कप्तानी

हीली की कप्तानी पारी नहीं दिला पाई UPW को जीत 

हीली ने मैच में 38 गेंद का सामना किया और 55 रन बनाए। उनके बल्ले से 7 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 144.74 की रही। ये इस सीजन उनका पहला अर्धशतक रहा। पूरे WPL की बात करें तो यह उनका तीसरा अर्धशतक है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 96 रन भी RCB के खिलाफ पिछले सीजन आया था। हालांकि, उनकी इस शानदार पारी भी उनकी टीम को जीत नहीं दिला पाई।