रविचंद्रन अश्विन ने भुवनेश्वर कुमार की वापसी पर दिया बड़ा बयान, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 5 मैचों की टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में भुवनेश्वर कुमार की वापसी चयन की प्रमुख खबरों में रही। 4 साल बाद उनकी वापसी भारतीय टीम में हुई है। भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि भुवनेश्वर ने शानदार प्रदर्शन करते समय टीम में वापसी के बारे में नहीं सोचा था। खासकर IPL में RCB के लिए खेलते हुए उन्होंने अंतिम नतीजे की चिंता कभी नहीं की।
बयान
भुवनेश्वर ने अपनी वापसी के बारे में सोच भी नहीं होगा- अश्विन
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि उन्हें लगता है कि भुवनेश्वर ने भारतीय टीम में वापसी के बारे में सोचा तक नहीं होगा।
अश्विन के मुताबिक, यही सोच उनकी सफलता का मंत्र हो सकती है।
उन्होंने कहा, "जब मैं दूर से भुवनेश्वर को देखता हूं तो मुझे लगता है कि मैंने भी अपने करियर में ऐसा अनुभव किया है। वह अपनी राह पर आगे बढ़ते रहे हैं और अपने सफर पर ध्यान केंद्रित किया है।"
प्रदर्शन
इस कारण मिली भवनेश्वर को सफलता
अश्विन ने आगे कहा, "मैं अच्छा प्रदर्शन करूंगा, नई गेंद से अच्छी गेंदबाजी करूंगा और RCB के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दूंगा। मैं जो कुछ भी कर सकता हूं मुझे वह करना चाहिए। भुवनेश्वर ने भी यही किया है। आज उन्हें जो इनाम मिला है वह उनकी शानदार सफलता का फल है। उन्होंने कभी इस फल की तलाश नहीं की। वह अपना काम करते रहे और उन्हें सफलता मिल गई।"
अटकलें
मोहम्मद शमी को लेकर अश्विन ने कही ये बात
36 वर्षीय भुवनेश्वर की भारतीय टीम में वापसी के बाद मोहम्मद शमी की वापसी को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं।
अश्विन का मानना है कि उम्र शमी की वापसी में बाधा नहीं बननी चाहिए, लेकिन इसके लिए उन्हें कड़ी मेहनत करनी होगी।
अश्विन ने इस बारे में कहा, "यह क्रिकेटर पर निर्भर करता है। अगर किसी खिलाड़ी को विश्वास है कि वह वापसी कर सकता है तो उसे इसके लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।"
विश्व कप
अश्विन ने बताया 2027 वनडे विश्व कप के सबसे मजबूत दावेदार
106 टेस्ट मैचों का अनुभव रखने वाले अश्विन ने 2027 वनडे विश्व कप के लिए भारत को मजबूत दावेदार बताया है।
हालांकि, उनका मानना है कि सह-मेजबान दक्षिण अफ्रीका भी खिताब की प्रबल दावेदार होगी।
अश्विन ने कहा कि जसप्रीत बुमराह पूरी लय में रहे तो भारत की तेज गेंदबाजी मजबूत होगी।
टीम के पास अच्छे स्पिनर और अनुभवी बल्लेबाज भी हैं। उन्होंने कहा कि 2-3 टीमें मजबूत दिख रही हैं, लेकिन दक्षिण अफ्रीका सबसे बेहतर दावेदार है।