Page Loader
रविचंद्रन अश्विन 6 साल 8 महीने बाद भारत में वनडे खेलने उतरे, जानिए कैसा रहा प्रदर्शन
रविचंद्रन अश्विन ने लिया 1 विकेट (तस्वीर: X/@ashwinravi99)

रविचंद्रन अश्विन 6 साल 8 महीने बाद भारत में वनडे खेलने उतरे, जानिए कैसा रहा प्रदर्शन

Sep 22, 2023
05:49 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बीच पहले वनडे में रविचंद्रन अश्विन ने 10 ओवर में 47 रन खर्च कर 1 विकेट लिया। मोहली के पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन आईएस बिंद्रा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में अश्विन ने मार्नस लाबुशेन को पवेलियन भेजा। अश्विन 6 साल 8 महीने बाद भारतीय जमीं पर कोई वनडे खेल रहे थे। उन्होंने भारत में अपना आखिरी वनडे 22 जनवरी, 2017 को इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ कोलकाता में खेला था।

प्रदर्शन

पिछली साल खेला था आखिरी वनडे

अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे से पहले 21 जनवरी, 2022 को दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ पर्ल में आखिरी वनडे मैच खेला था। हाल ही में समाप्त हुए एशिया कप 2023 में अश्विन को भारतीय टीम में जगह नहीं मिली थी। ऐसे में कयास लगाए जाने लगे थे कि वह अब वनडे की योजनाओं से बाहर हो गए हैं। विश्व कप के लिए घोषित 15 सदस्यीय टीम में भी अश्विन को जगह नहीं दी गई है।

प्रदर्शन

तीनों प्रारूपों में अश्विन का प्रदर्शन

अश्विन ने 5 जून, 2010 को श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था। उन्होंने अपने करियर में अब तक 114 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान 112 पारियों में उन्होंने 33.59 की औसत और 4.94 की इकॉनमी से 152 विकेट अपने नाम किए हैं। 4/25 विकेट इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। 63 पारियों में उन्होंने 707 रन बनाए हैं। उन्होंने 94 टेस्ट की 178 पारियों में 489 विकेट और 65 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 72 विकेट झटके हैं।