जसप्रीत बुमराह पर इस दिग्गज ने BCCI को दी बड़ी सलाह, कहा- तीनों प्रारूप न खेलें
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के कार्यभार प्रबंधन को लेकर भारतीय टीम प्रबंधन और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को महत्वपूर्ण सलाह दी है। शास्त्री का मानना है कि वनडे विश्व कप 2027 को ध्यान में रखते हुए बुमराह को फिलहाल तीनों प्रारूपों में खेलने से बचना चाहिए। इसकी जगह उन्हें टेस्ट क्रिकेट को प्राथमिकता देनी चाहिए और सीमित ओवरों के प्रारूपों में चुनिंदा मैचों में ही उतरना चाहिए।
बयान
शास्त्री ने क्या दिया बयान?
बुमराह को आगामी वनडे विश्व कप तक सुरक्षित रखने और उनके कार्यभार को संभालने को लेकर शास्त्री ने TOI से कहा, "मुझे नहीं लगता कि उन्हें (जसप्रीत बुमराह) विश्व कप तक तीनों प्रारूपों में खेलना चाहिए। उन्हें मुख्य रूप से टेस्ट क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए और वनडे या टी-20 कभी-कभार खेलने चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं उन्हें न्यूजीलैंड में होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए बचाकर रखना ज्यादा पसंद करूंगा, जहां उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होने वाली है।"
चुनौती
आने वाली चुनौतियों पर क्या बोले शास्त्री?
भारत के लिए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल की कठिन राह और शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम की चुनौती पर भी उन्होंने अपनी राय रखी।
उन्होंने कहा, "भारत के लिए WTC के फाइनल के लिए क्वालीफाई करना एक बेहद कठिन काम हो गया है। उन्हें अपने शेष मैचों में से लगभग 90 प्रतिशत मैच जीतने ही होंगे। यह असंभव तो नहीं है, लेकिन बहुत कुछ अन्य मैचों के नतीजों पर भी निर्भर करेगा।"
महत्व
आगामी न्यूजीलैंड सीरीज और बुमराह का महत्व
भारतीय टीम प्रबंधन ने शास्त्री की सलाह के अनुरूप ही बुमराह को न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 से 15 नवंबर तक चलने वाली सीमित ओवरों की सीरीज से बाहर रखा है।
टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल में 4 विकेट चटकाकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले बुमराह सीधे टेस्ट सीरीज में लाल गेंद से कहर बरपाने उतरेंगे।
उसके बाद वह ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज में उतरेंगे, जो काफी महत्वपूर्ण है।