Page Loader
रमीज राजा होंगे PCB के नए चेयरमैन, एहसान मनी ने छोड़ा अपना पद
नए PCB चेयरमैन बनेंगे रमीज राजा

रमीज राजा होंगे PCB के नए चेयरमैन, एहसान मनी ने छोड़ा अपना पद

लेखन Neeraj Pandey
Aug 26, 2021
09:45 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) में एक नया बड़ा बदलाव होने वाला है। पूर्व पाकिस्तानी कप्तान रमीज राजा अब PCB के नए चेयरमैन बनने वाले हैं। एहसान मनी ने लंबे समय तक इस पद पर बने रहने के बाद अब इसे छोड़ दिया है। 25 अगस्त को मनी का वर्तमान कार्यकाल समाप्त हुआ है और उन्होंने इसे आगे नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया है। मनी और राजा दोनों ने एक साथ जाकर प्रधानमंत्री इमरान खान से मुलाकात की थी।

अपडेट

PCB के नए चेयरमैन होंगे राजा

इमरान ने मुलाकात के बाद राजा ने क्रिकबज से बताया था कि उन्होंने प्रधानमंत्री को अपना प्लान बता दिया है और आगे का निर्णय उन्हें लेना है। तीन दिन बाद निर्णय सामने आ चुका है। इस पर राजा ने कहा, "मैंने इस काम को स्वीकार कर लिया है। लक्ष्य है कि पाकिस्तान क्रिकेट को फिर से स्थापित किया जाए और इसे बेहतर तरीके से करना चाहूंगा।" इससे पहले राजा PCB के चीफ एक्सीक्यूटिव ऑफिसर भी रह चुके हैं।

चुनाव

निर्विरोध चुने जा सकते हैं राजा

नया चेयरमैन बनने से पहले राजा को एक तय प्रक्रिया से गुजरना होगा। पहले उनका नाम PCB के बोर्ड ऑफ गवर्नर को भेजा जाएगा क्योंकि वह इस पद के लिए नामांकित दो में से एक व्यक्ति होंगे। यदि दूसरा व्यक्ति भी चुनाव लड़ना चाहेगा तो फिर चुनाव कराया जाएगा। हालांकि, प्रधानमंत्री द्वारा नाम सुझाए जाने के बाद चुनाव होना मुश्किल ही होता है। मनी तो निर्विरोध चुने गए थे।

काम

राजा के लिए आसान होगा काम

उम्र के इस पड़ाव पर मनी को इस काम के लिए उपयुक्त नहीं माना जा रहा था क्योंकि ICC फोरम में काफी ऊर्जा वाले व्यक्ति की जरूरत होती है। इसके अलावा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की लगातार खिलाफत करने के कारण मनी के भारत में बेहद कम दोस्त बचे थे। दूसरी ओर कमेंट्री के कारण लगातार क्रिकेट से जुड़े रहने वाले राजा के लिए भारत में दोस्तों की कमी नहीं है।

एहसान मनी

स्वास्थ्य कारणों से पद छोड़ना चाहते थे मनी

76 साल के मनी 2018 में तीन साल की अवधि के लिए निर्विरोध PCB चेयरमैन बने थे। उन्होंने इसके पहले भी PCB के लिए काम किया है। पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट मनी स्वास्थ्य कारणों से अब अपना पद छोड़ना चाहते थे। मनी एक अच्छे लीडर के रूप में मशहूर हैं और वह इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। मनी PCB के 34वें चेयरमैन हैं