अजीत अगरकर की जगह पर रमेश पोवार बन सकते हैं चयनकर्ता- रिपोर्ट
क्या है खबर?
पूर्व भारतीय स्पिनर रमेश पोवार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सीनियर पुरुष चयन समिति में चयनकर्ता बन सकते हैं। ऐसी खबर है कि अजीत अगरकर की जगह पर पोवार अगले चयनकर्ता बनने के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। बता दें कि फिलहाल पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा अंतरिम तौर पर इस समिति की कमान संभाल रहे हैं। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
इंटरव्यू
वसीम जाफर का भी हुआ है इंटरव्यू
सीनियर समिति के लिए आवेदन की समय-सीमा 14 अक्टूबर तक निर्धारित थी।
क्रिकबज के मुताबिक, क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) ने इस पद के लिए 4-5 उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया, जिनमें भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर, बड़ौदा के पूर्व खिलाड़ी कॉनर विलियम्स और जैकब मार्टिन भी शामिल थे।
खबर है कि ये इंटरव्यू 15 अक्टूबर को हुए थे और पूर्व भारतीय विकेटकीपर पार्थिव पटेल ने इस पदक के लिए आवेदन नहीं किया।
CoE
चयन समिति की बैठक में शामिल होगा CoE का स्थायी प्रतिनिधि
खबरों के अनुसार, समिति में आखिरकार जो कोई भी शामिल हो, अब इसमें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) का एक स्थायी प्रतिनिधि होगा।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि इस महीने की शुरुआत में गुवाहाटी में हुई चयन समिति की बैठक में वीवीएस लक्ष्मण क्यों शामिल हुए थे।
लक्ष्मण शुक्रवार को हुई ऑनलाइन सिलेक्शन मीटिंग में भी मौजूद थे, जिसमें न्यूजीलैंड दौरे के लिए वनडे और टेस्ट टीम चुनी गई थी।
रिपोर्ट
जूनियर चयन समिति के लिए भी हुआ था पोवार का इंटरव्यू
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पोवार का इंटरव्यू जूनियर चयन समिति के लिए भी लिया गया था।
शुरुआत में अध्यक्ष पद के लिए उनके नाम पर विचार किया गया था, लेकिन बाद में उन्हें सीनियर चयन समिति में शामिल कर लिया गया।
कर्नाटक के पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज डोडा गणेश को जूनियर चयन समिति के अध्यक्ष पद मिल सकता है।
जम्मू-कश्मीर के अरुण शर्मा नॉर्थ जोन और गुजरात के एल पवार अंडर-19 पैनल में वेस्ट जोन के चयनकर्ता हो सकते हैं।
कोच
मुंबई की टीम के कोच रह चुके थे पोवार
पोवार ने भारत के लिए 2 टेस्ट में 6 विकेट लिए थे। वहीं 31 वनडे में 34 विकेट हासिल किए थे।
अपने क्रिकेटिंग करियर के बाद उन्होंने कोचिंग की ओर रूख किया था।
वह घरेलू क्रिकेट में मुंबई के कोच रह चुके थे। उनके कार्यकाल में मुंबई ने विजय हजारे ट्रॉफी 2021 का खिताब जीता था।
तब मुंबई ने पृथ्वी शॉ की कप्तानी में उत्तर प्रदेश को हराकर चौथी बार यह ट्रॉफी जीती थी।