LOADING...
श्रीलंका बनाम पाकिस्तान: रमेश मेंडिस ने पाकिस्तान के खिलाफ पारी में दूसरी बार लिए 5 विकेट 
रमेश मेंडिस ने पाकिस्तान के खिलाफ दूसरी बार 5 विकेट हॉल लिया है (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

श्रीलंका बनाम पाकिस्तान: रमेश मेंडिस ने पाकिस्तान के खिलाफ पारी में दूसरी बार लिए 5 विकेट 

Jul 18, 2023
06:52 pm

क्या है खबर?

श्रीलंका क्रिकेट टीम के स्पिनर रमेश मेंडिस ने पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के तीसरे दिन मंगलवार को यादगार प्रदर्शन किया। पहली पारी में उन्होंने पाकिस्तान के 5 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। हालांकि, उनकी गेंदबाजी से टीम को खास फायदा नहीं हुआ। मेंडिस के 5 विकेट के बावजूद पाकिस्तान क्रिकेट टीम (461) पहली पारी में बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब रही। आइए मेंडिस के टेस्ट आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

ऐसा रहा मेंडिस का प्रदर्शन 

गेंदबाजों के संघर्ष के बीच मेंडिस ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शानदार प्रदर्शन किया। पहली पारी में 3.20 की इकॉनमी रेट से गेंदबाजी की। उन्होंने 42.2 ओवर में 136 रन खर्च करते हुए 5 विकेट लिए। मेंडिस ने शान मसूद (39), आघा सलमान (83), नौमान अली (25), नसीम शाह (6) और अबरार अहमद (10) को अपना शिकार बनाया। ऑलराउंडर मेंडिस के अलावा प्रभात जयसूर्या ने 3 विकेट लेकर अच्छी गेंदबाजी की। फर्नांडो औ रजिथा ने 1-1 विकेट लिया।

रिपोर्ट

पाकिस्तान के खिलाफ कैसा रहा है मेंडिस का प्रदर्शन? 

मेंडिस का पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में प्रदर्शन काफी कमाल का रहा है। वह अब तक पाकिस्तान के खिलाफ 3 टेस्ट मैचों में 29.55 की औसत 17 विकेट ले चुके हैं। मेंडिस का पाकिस्तान के खिलाफ एक पारी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 47 रन देकर 5 विकेट लेना रहा है। वह पाकिस्तान के खिलाफ अब तक 2 बार 5 विकेट हॉल ले चुके हैं। वह इस टीम के खिलाफ 45* उच्च स्कोर के साथ 118 रन भी बना चुके हैं।

रिपोर्ट

ऐसा रहा है मेंडिस का टेस्ट करियर 

28 साल के मेंडिस ने साल 2021 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ गाले में अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था। दाएं हाथ के गेंदबाज मेंडिस ने अब तक 13 टेस्ट मैचों में 27.90 की औसत से 62 विकेट लिए हैं। इस फॉर्मेट में उनकी इकॉनमी रेट 3.04 की रही है। पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 70 रन देकर 6 विकेट रहा है। मेंडिस अपने टेस्ट करियर में अब तक 5 बार 5 विकेट हॉल ले चुके हैं।

रिपोर्ट

गाले टेस्ट में पाकिस्तान का पलड़ा भारी 

मेंडिस के दमदार प्रदर्शन के बाद भी पाकिस्तान इस मैच में हावी होता नजर आ रहा है। पाकिस्तान ने पहली पारी में सऊद शकील (208*) के शतक की बदौलत पहली पारी में 461 रन बनाए। पहली पारी के आधार पर टीम को 149 रन की बढ़त हासिल हुई। पहली पारी में 312 रन बनाने वाली श्रीलंका टीम ने दूसरी पारी में स्टंप के समय बिना किसी नुकसान के 14 रन बनाए लिए थे।