LOADING...
रचिन रविंद्र ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ जड़ा पहला टेस्ट शतक, बनाए ये रिकॉर्ड 
रचिन रविंद्र ने कमाल की पारी खेली (तस्वीर: एक्स/@ICC)

रचिन रविंद्र ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ जड़ा पहला टेस्ट शतक, बनाए ये रिकॉर्ड 

Oct 18, 2024
11:28 am

क्या है खबर?

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम की युवा सनसनी रचिन रविंद्र ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में शानदार शतकीय पारी खेली है। उन्होंने 124 गेंदों का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया। रविंद्र ने भारतीय टीम के खिलाफ यह पहला टेस्ट शतक लगाया है। उनके टेस्ट करियर का यह दूसरा शतक है। रविंद्र नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने आए और उन्होंने काफी आक्रमक बल्लेबाजी की, ऐसे में आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

मौका

रविंद्र ने हासिल की यह बड़ी उपलब्धि 

रविंद्र साल 2012 के बाद भारतीय सरजमीं पर शतक लगाने वाले पहले कीवी बल्लेबाज बने हैं। 12 साल पहले रॉस टेलर ने भारतीय टीम के खिलाफ उनके घरेलू सरजमीं पर शतक लगाया था। वह मुकाबला भी बेंगलुरु में ही खेला गया था। रविंद्र ने रविचंद्रन अश्विन हों या रविंद्र जडेजा दोनों गेंदबाजों के खिलाफ प्रहार किया और बाउंड्री के साथ अपना शतक पूरा किया। एशिया महाद्वीप पर भी रविंद्र के बल्ले से यह पहला शतक निकला है।

रन

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जड़ चुके हैं दोहरा शतक 

अपने छोटे टेस्ट करियर में रविंद्र ने सबसे ज्यादा रन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाए हैं। उन्होंने 2 टेस्ट की 4 पारियों में 75.25 की औसत से 301 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 1 शतक निकला है। रविंद्र का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ स्कोर 240 रन रहा है। गेंदबाजी में इस खिलाड़ी ने 10 टेस्ट मैच में 10 विकेट लिए हैं। रविंद्र ने अपने टेस्ट करियर के दोनों शतक इसी साल बनाए हैं।

Advertisement

मजबूत

मजबूत स्थिति में पहुंच गई है न्यूजीलैंड 

न्यूजीलैंड पहले टेस्ट में काफी मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। टीम ने पहली पारी के आधार पर 290 से ज्यादा रनों की बढ़त ली है। रविंद्र के अलावा डेवोन कॉनवे ने मुकाबले में 91 रन की पारी खेली। उन्होंने 105 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके और 3 छक्के लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट 86.67 की रही। भारतीय टीम की पहली पारी सिर्फ 46 रन पर खत्म हो गई थी। मैट हेनरी ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए थे।

Advertisement

करियर

कैस रहा है रविंद्र का टेस्ट करियर?

बाएं हाथ के बल्लेबाज रविंद्र ने 2021 में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक न्यूजीलैंड के लिए 10 टेस्ट की 19 पारियों में करीब 45 की औसत के साथ 760 से अधिक रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 2 शतक और 4 अर्धशतक लगाए हैं। भारत के विरुद्ध यह उनका पहला टेस्ट शतक है। इससे पहले उन्होंने अपना इकलौता शतक दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ लगाया था।

Advertisement