कुलदीप को टीम से बाहर रखने पर भड़के पूर्व दिग्गज, फैसले को बताया समझ से परे
क्या है खबर?
भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कुलदीप यादव पर भरोसा नहीं जताने के लिए टीम प्रबंधन की आलोचना की है। उनका मानना है कि सपाट पिचों पर भी कुलदीप को मौका मिलना चाहिए। कुलदीप ने शुरुआती 2 मुकाबलों में हिस्सा लिया था। इसके बाद उन्हें अंतिम एकादश से बाहर कर दिया गया। कुलदीप ने पहले मैच में 33 रन देकर 2 विकेट लिए थे, जबकि दूसरे मुकाबले में 53 रन खर्च कर दिए थे।
बयान
अश्विन ने क्या कहा?
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "यह काफी हैरान करने वाला है, क्योंकि हैदराबाद में आपको कुछ उछाल मिलने की उम्मीद रहती है। मैं जानता हूं कि स्पिनरों के लिए यह मैदान हमेशा से अच्छा नहीं रहा है, लेकिन वेस्टइंडीज के बल्लेबाज कुलदीप की गुगली और लेग स्पिन को समझने में संघर्ष करते। ऐसे में अगर आप उनके खिलाफ कुलदीप को टीम से बाहर रखते हैं, तो यह फैसले में थोड़ी समझदारी की कमी दिखाता है।"
हैरानी
कुलदीप को बाहर करने का फैसला बहुत हैरान करने वाला- अश्विन
अश्विन ने आगे कहा, "यह बेहद हैरान करने वाला है, क्योंकि मुझे लगता है कि उनकी मौजूदगी से 15-20 रन का अंतर पड़ सकता था। इंदौर में कुलदीप को टीम में नहीं चुना गया था और मैं उस फैसले का समर्थन करूंगा, क्योंकि मैं समझ सकता हूं कि वहां मैदान छोटा है, लेकिन आप यह संकेत देकर इसे लगभग एक मुद्दा बना रहे हैं कि रांची में भारत की हार कुलदीप की वजह से हुई। यह सोच ही गलत है।"
सफल
वनडे सीरीज में कुलदीप का था शानदार प्रदर्शन
इस महीने की शुरुआत में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज में कुलदीप भारतीय गेंदबाजों में सबसे सफल रहे थे।
उन्होंने 3 मुकाबलों में कुल 7 विकेट हासिल किए थे। अब भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज 2-2 से बराबर है।
दोनों टीमें सीरीज के निर्णायक मुकाबले के लिए बेंगलुरु में आमने-सामने होंगी। ऐसे में अंतिम मैच में कुलदीप को मौका मिलता है या नहीं, यह देखना दिलचस्प होगा।
टेस्ट
न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज नहीं खेलेंगे कुलदीप- रिपोर्ट
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, न्यूजीलैंड की परिस्थितियां तेज गेंदबाजों के लिए स्पिनरों से ज्यादा मददगार होती है। ऐसे में भारतीय चयनकर्ता टेस्ट टीम में 3 से ज्यादा स्पिनरों को शामिल करने के पक्ष में नहीं हैं।
फिलहाल रविंद्र जडेजा, वाशिगंटन सुंदर और मानव सुथार चयन की दौड़ में कुलदीप से आगे बताए जा रहे हैं। ऐसे में कुलदीप को टेस्ट टीम से बाहर रहना पड़ सकता है।
वनडे सीरीज में उनका खेलना तय माना जा रहा है।