Page Loader
भारत के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय में कैसे हैं क्विंटन डिकॉक के आंकड़े?
शानदार रहा है डिकॉक का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

भारत के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय में कैसे हैं क्विंटन डिकॉक के आंकड़े?

Sep 27, 2022
12:21 pm

क्या है खबर?

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम 28 सितंबर से भारत के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी। इस सीरीज में क्विंटन डिकॉक के प्रदर्शन पर सबकी नजरें रहने वाली है। हाल ही में डिकॉक कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में खेलते हुए नजर आए थे, जहां वह बेहतर लय में दिखे थे। अपनी इस फॉर्म को डिकॉक आगे भी बरकरार रखना चाहेंगे। इस बीच डिकॉक के भारत के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय में प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

करियर

शानदार रहा है डिकॉक का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर

डिकॉक ने दिसंबर 2012 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पदार्पण किया था। उन्होंने अब तक 69 मैच खेल लिए हैं, जिसमें 31.04 की औसत और 133.38 की स्ट्राइक रेट से 1,894 रन अपने नाम किए हैं। इस बीच उन्होंने 11 अर्धशतक लगा लिए हैं। बता दें वह खेल के सबसे छोटे प्रारूप में दक्षिण अफ्रीका की ओर से कोई शतक नहीं लगा सके हैं।

डिकॉक बनाम भारत

डिकॉक का भारत के खिलाफ प्रदर्शन

डिकॉक का भारत के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन रहा है। उन्होंने अब तक भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ छह टी-20 मैचों में 43.25 की औसत और 139.51 की स्ट्राइक रेट से 173 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 79* के सर्वोच्च स्कोर के साथ दो अर्धशतक लगा लिए हैं। वह भारत के खिलाफ 20 चौके और पांच छक्के लगा चुके हैं। डिकॉक आखिरी बार भारत के खिलाफ जून 2022 में खेलते हुए दिखे थे।

आंकड़े

डिकॉक का भारत में अच्छा प्रदर्शन रहा है

डिकॉक को भारतीय मैदान काफी रास आते हैं। उन्होंने अब तक भारतीय मैदानों में कुल नौ मैच खेले हैं, जिसमें 45.71 की औसत और 140.96 की स्ट्राइक रेट से 320 रन बनाए हैं। भारत में खेलते हुए उन्होंने तीन अर्धशतक भी अपने नाम किए हैं। डिकॉक ने भारतीय जमीं पर मेजबान टीम के खिलाफ द्विपक्षीय टी-20 सीरीज के अलावा टी-20 विश्व कप के मैच भी खेले हैं।

रिकॉर्ड्स

टी-20 सीरीज में ये रिकॉर्ड्स बना सकते हैं डिकॉक

डिकॉक (1,894) इस समय दक्षिण अफ्रीका की ओर से टी-20 अंतरराष्ट्रीय में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वह आगामी सीरीज में अपने 2,000 रन पूरे कर सकते हैं और ऐसा कारनामा करने वाले पहले या दूसरे प्रोटियाज बल्लेबाज भी बन सकते हैं। इस बीच वह रनों के मामले में डेविड मिलर (1,903) और जेपी डुमिनी (1,934) को भी पीछे छोड़ सकते हैं।