Page Loader
प्रो कबड्डी लीग 2019: यू मुंबा ने हरियाणा को हराया, फजल और संदीप ने बनाए रिकॉ़र्ड्स

प्रो कबड्डी लीग 2019: यू मुंबा ने हरियाणा को हराया, फजल और संदीप ने बनाए रिकॉ़र्ड्स

लेखन Neeraj Pandey
Oct 10, 2019
08:56 pm

क्या है खबर?

प्रो कबड्डी लीग (Pro Kabaddi League) में आज यू मुंबा (U Mumba) ने हरियाणा स्टीलर्स (Haryana Steelers) को 39-33 के अंतर से हरा दिया है। मुंबा के लिए अजिंक्या काप्रे ने नौ प्वाइंट्स हासिल किए तो वहीं हरियाणा के लिए विनय ने सुपर टेन लगाया। फजल अत्राचली ने मुंबा के लिए सबसे ज़्यादा आठ टैकल प्वाइंट्स लिए। इस जीत के साथ ही मुंबा को एक स्थान का फायदा हुआ है और वे चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं।

यू मुंबा

अजिंक्या काप्रे और फजल ने दिलाई मुंबा को जीत

यू मुंबा ने इस मुकाबले के लिए अभिषेक सिंह और अतुल एमएस को प्लेइंग सेवन में शामिल नहीं किया। अजिंक्या काप्रे को मौका मिला था जिसका उन्होंने पूरी तरह से लाभ लिया और नौ रेड प्वाइंट्स हासिल किए। इसके अलावा कप्तान फजल अत्राचली ने कुल आठ टैकल प्वाइंट्स हासिल किए। संदीप नरवाल ने भी सीजन का पांचवा हाई फाइव लगाया और पांच टैकल प्वाइंट्स हासिल किए।

हरियाणा स्टीलर्स

फीके रहे विकास, विनय का अच्छा प्रदर्शन

हरियाणा के लिए इस सीजन टॉप रेडर रहने वाले विकास कंडोला का प्रदर्शन इस मुकाबले में काफी निराशाजनक रहा। विकास ने कुल 17 रेड की और छह प्वाइंट हासिल करने के अलावा वह छह बार आउट हुए। विनय ने प्ले-ऑफ से ठीक पहले अच्छी फॉर्म दिखाई और सीजन का तीसरा सुपर टेन लगाया। हरियाणा की डिफेंस ने कुल 10 टैकल प्वाइंट्स हासिल किए। जिसमें रवि और सुनील ने सबसे ज़्यादा 4-4 प्वाइंट्स लिए।

डिफेंडर

300 टैकल प्वाइंट्स हासिल करने वाले पहले विदेशी डिफेंडर बने फजल

ईरानी डिफेंडर और मुंबा के कप्तान फजल अत्राचली ने हरियाणा के खिलाफ तूफानी डिफेंडिंग का नजारा पेश किया। फजल ने पहले हाफ में ही अपना हाई फाइव पूरा किया और साथ ही लीग इतिहास में अपने 300 टैकल प्वाइंट्स भी पूरे किए। अपना 100वां मैच खेल रहे फजल प्रो कबड्डी लीग में 300 टैकल प्वाइंट्स हासिल करने वाले पहले विदेशी डिफेंडर बन गए हैं। इसके अलावा वह तीसरे सबसे ज़्यादा हाई फाइव लेने वाले डिफेंडर भी बन गए हैं।

जानकारी

संदीप नरवाल ने भी पूरे किए 300 टैकल प्वाइंट्स

ऑलराउंडर खिलाड़ी संदीप नरवाल ने भी इस सीजन का पांचवां हाई फाइव लगाते हुए लीग इतिहास में अपने 300 टैकल प्वाइंट्स पूरे किए। 122वें मैच में संदीप ने यह उपलब्धि हासिल की है।