Loading...
प्रसिद्ध कृष्णा 3 सप्ताह रहेंगे मैदान से बाहर, न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खेलना हुआ मुश्किल
प्रसिद्ध कृष्णा चोटिल हो गए हैं (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

प्रसिद्ध कृष्णा 3 सप्ताह रहेंगे मैदान से बाहर, न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खेलना हुआ मुश्किल

Oct 06, 2026
02:47 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा कम से कम 3 सप्ताह तक मैदान से बाहर रह सकते हैं। ऐसे में 4 नवंबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली 5 मैचों की वनडे सीरीज में उनके खेलने पर संशय है। प्रसिद्ध को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे के दौरान बाएं पैर की मांसपेशियों में चोट लगी थी। वह इस मुकाबले में सिर्फ पांच ओवर गेंदबाजी कर सके थे। इसके बाद वह तीसरे वनडे में भी नहीं खेल सके।

रणजी

रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबले खेलना भी मुश्किल 

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, 30 वर्षीय प्रसिद्ध 11 अक्टूबर से शुरू होने वाली रणजी ट्रॉफी के पहले दौर से भी बाहर रहेंगे।

कर्नाटक को अपने अभियान का आगाज विजयवाड़ा में आंध्र प्रदेश के खिलाफ करना है।

प्रसिद्ध बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) पहुंच चुके हैं, जहां उनकी चोट पर निगरानी रखी जा रही है।

उन्हें पूरी तरह फिट होने में 3 सप्ताह लगेंगे। 4 सप्ताह बाद वह पूरी ताकत से गेंदबाजी शुरू कर सकते हैं।

मुश्किल

न्यूजीलैंड में 2 टेस्ट मैच भी खेले जाने हैं 

प्रसिद्ध की चोट से उबरने की समयसीमा न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में उनकी उपलब्धता को मुश्किल बना सकती है।

अगर वह तब तक गेंदबाजी शुरू भी करते हैं तो सीरीज के शुरुआती मुकाबलों में खेलने के लिए पूरी तरह तैयार होंगे, इसके बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता है।

भारतीय टीम को अपने तेज गेंदबाजों का सावधानी से इस्तेमाल करना पड़ सकता है। क्योंकि न्यूजीलैंड में 5 वनडे, 5 टी-20 और 2 टेस्ट मैच भी खेले जाने हैं।

ADVERTISEMENT

चोट

चोट के कारण हो रही परेशानी- शुभमन गिल 

वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी वनडे में मिली हार के बाद कप्तान शुभमन गिल ने भी माना था कि चोटों और व्यस्त कार्यक्रम के कारण खिलाड़ियों की अनुपलब्धता टीम के लिए परेशानी का कारण बनी है।

उन्होंने कहा, "चोटों और दूसरे मुकाबलों के आसपास बने कार्यक्रम के कारण यह दुर्भाग्यपूर्ण रहा है। हम अपनी पसंद की गेंदबाजी टीम के साथ नहीं उतर सके जो हमारे लिए थोड़ा दुर्भाग्यपूर्ण रहा। लगातार खिलाड़ियों के बाहर रहने से टीम का संतुलन प्रभावित हुआ है।"

ADVERTISEMENT

विश्व कप

विश्व कप 2027 की योजनाओं का हिस्सा हैं प्रसिद्ध

प्रसिद्ध की फिटनेस भारत के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गई है। उन्हें न्यूजीलैंड दौरे और 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों में टीम की योजनाओं का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

2027 विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे में खेला जाना है।

ऐसे में उनकी चोट ने भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। विश्व कप की तैयारियों के महत्वपूर्ण दौर में उनका जल्द फिट होना टीम के लिए बेहद जरूरी होगा।

ADVERTISEMENT