Page Loader
यौन शोषण मामले में फंसे बाबर आजम, अदालत के आदेश पर FIR दर्ज

यौन शोषण मामले में फंसे बाबर आजम, अदालत के आदेश पर FIR दर्ज

लेखन Neeraj Pandey
Jan 15, 2021
11:19 am

क्या है खबर?

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पिछले साल उन पर एक महिला ने अपना यौन शोषण करने का आरोप लगाया था। बाबर पर जब आरोप लगे थे तब वह न्यूजीलैंड दौरे पर गए थे। उस समय लगा था कि मामला दब गया है, लेकिन अब बाबर के खिलाफ FIR दर्ज हो गई है। लाहौर की अतिरिक्त सत्र अदालत ने पुलिस को FIR दर्ज करने का आदेश दिया है।

आदेश

अदालत ने दिया तुरंत FIR दर्ज करने का आदेश

अतिरिक्त सत्र अदालत के जज नोमान मुहम्मद नईम ने दोनों पक्षों के वकीलों की दलीलें सुनी। इसके बाद उन्होंने नसीराबाद पुलिस स्टेशन के SHO को तुरंत बाबर के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया। जज ने कहा कि महिला द्वारा लगाए गए आरोप गंभीर और परेशान करने वाले हैं और मामले की पूरी जांच होनी चाहिए। पीड़ित महिला हमीजा मुख्तार ने भी कंफर्म किया है कि पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है।

धमकी

केस वापस लेने के लिए मिल रही थी महिला को धमकी

इससे पहले एक अन्य अतिरिक्त सत्र अदालत के जज आबिद रजा ने बाबर और उनके परिवार को पीड़िता को परेशान नहीं करने के आदेश दिए थे। महिला ने आरोप लगाए थे कि वह उन्हें केस वापस लेने के लिए धमकी भरे फोन आ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि जब वह नसीराबाद पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराने की कोशिश कर रही थीं तब बाबर ने उन्हें ऐसा करने से रोका था।

आरोप

पिछले साल महिला ने लगाए थे बाबर पर गंभीर पर आरोप

पिछले साल 29 नवंबर को महिला ने पत्रकारों के सामने बाबर पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। महिला ने कहा था कि 2010 में बाबर ने उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया और घर से भगा ले गए थे। इसके बाद महिला ने यह भी आरोप लगाया कि बाबर ने उन्हें गर्भवती करके उनका गर्भपात भी कराया था। महिला ने कहा कि बाबर शादी का झांसा देकर 10 साल से उसका यौन शोषण कर रहे थे।

ट्विटर पोस्ट

महिला के आरोप का वीडियो

बाबर आजम

तीनो फॉर्मेट में पाकिस्तान के कप्तान हैं बाबर

2019 अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बाबर को सबसे पहले टी-20 टीम की कप्तानी मिली थी। इसके बाद पिछले साल मई में उन्हें वनडे टीम का भी कप्तान बनाया गया। पिछले साल ही न्यूजीलैंड दौरे से पहले उन्हें टेस्ट टीम की भी कमान मिली थी। हालांकि, न्यूजीलैंड दौरे पर वह टी-20 और टेस्ट दोनों सीरीज नहीं खेल सके थे। सीरीज शुरु होने से पहले ही बाबर को अंगूठे में चोट लग गई थी।