LOADING...
प्रधानमंत्री मोदी ने धोनी को लिखा पत्र, कही ये बातें

प्रधानमंत्री मोदी ने धोनी को लिखा पत्र, कही ये बातें

लेखन Neeraj Pandey
Aug 20, 2020
04:12 pm

क्या है खबर?

पूर्व भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने पर हर क्षेत्र से प्रतिक्रिया आ रही है। खेल से जुड़े लोगों के अलावा राजनीति, मनोरंजन और इंटरनेशनल लेवल के लोगों ने भी धोनी को बधाई दी है। इस बीच भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी धोनी को पत्र लिखकर उनके इंटरनेशनल करियर की बधाई दी है। धोनी ने भी प्रधानमंत्री को शुक्रिया कहते हुए जवाब दिया है।

पत्र

निराश थे 130 करोड़ लोग, लेकिन गर्व भी महसूस कर रहे थे- प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री ने लिखा कि धोनी ने 15 अगस्त की शाम को अनोखे अंदाज वाला वीडियो शेयर किया जो देखते ही देखते पूरे देश के लिए बात करने का विषय बन गया। उन्होंने आगे लिखा, '130 करोड़ लोग निराश थे, लेकिन साथ ही आपके द्वारा भारतीय टीम के लिए की गई चीजों के कारण उन्हें गर्व भी हो रहा था। आपका नाम महान बल्लेबाजों, दुनिया के बेहतरीन कप्तानों और सबसे बेहतरीन विकेटकीपर्स में से एक के रूप में याद रखा जाएगा।'

बड़ाई

आपको केवल खिलाड़ी नहीं समझा जा सकता- मोदी

प्रधानमंत्री ने धोनी की फिनिशिंग और कठिन परिस्थितियों में टिकने की क्षमता का भी बखान किया। उन्होंने लिखा, "2011 विश्व कप का फाइनल आने वाली पीढ़ियों तक हमेशा याद किया जाएगा। महेन्द्र सिंह धोनी का नाम केवल क्रिकेट के आंकड़ों से ही नहीं याद रखा जाएगा। आपको केवल खिलाड़ी के तौर पर देखना सही नहीं है। आपके प्रभाव को आंकने सही तरीका है कि आप अदभुत हैं।"

Advertisement

बधाई

प्रधानमंत्री ने धोनी और उनके परिवार को दी बधाई

प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में भारतीय टीम के साथ धोनी द्वारा बिताए गए यादगार लम्हों पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि धोनी ने बालों के साथ प्रयोग भले ही किए, लेकिन उनका सिर हमेशा ठंडा रहा। प्रधानमंत्री ने जीवा और साक्षी को भी बधाई दी और कहा कि अब उन्हें धोनी के साथ अधिक समय बिताने का मौका मिलेगा। उन्होंने धोनी और उनके परिवार को भविष्य के लिए बधाई दी है।

Advertisement

बयान

धोनी ने दिया प्रधानमंत्री को धन्यवाद

धोनी ने लिखा, 'एक कलाकार, सैनिक और खिलाड़ी प्रोत्साहन का भूखा होता है। वह चाहता है कि उसकी कड़ी मेहनत और त्याग लोगों की नजर में आए और वे इसका प्रोत्साहन करें। आपके प्रोत्साहन और शुभकामनाओं के लिए बधाई प्रधानमंत्री।'

ट्विटर पोस्ट

धोनी का ट्वीट

संन्यास

15 अगस्त की शाम धोनी ने लिया था संन्यास

धोनी ने 15 अगस्त की शाम को इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करके इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। 2014 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर धोनी ने अचानक टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। इसके साथ ही धोनी का इंटरनेशनल करियर अब खत्म हो गया है और उन्होंने जुलाई 2019 में आखिरी बार भारत के लिए खेला था। धोनी ने संन्यास का फैसला अचानक लिया और किसी ने भी इसकी उम्मीद नहीं की थी।

Advertisement