PCB ने नासिर हुसैन और माइकल आथर्टन को कमेंट्री टीम से किया बाहर, जानिए कारण
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने श्रीलंका क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के साथ खेली जा रही वनडे त्रिकोणीय सीरीज के लिए कमेंट्री टीम से इंग्लैंड के 2 दिग्गज पूर्व कप्तान नासिर हुसैन और माइकल आथर्टन को बाहर कर दिया है। यह सख्त कदम स्काई स्पोर्ट्स पर जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटों के एक विवादित इंटरव्यू के प्रसारित होने के बाद उठाया गया है। आइए पूरा मामला जानते हैं।
विवाद
क्या है यह पूरा विवाद?
इस विवाद की असली जड़ आथर्टन द्वारा इंग्लैंड दौरे के दौरान लॉर्ड्स टेस्ट के वक्त इमरान के बेटों का राजनीतिक साक्षात्कार लेना है।
इस साक्षात्कार के प्रकाशित होने के बाद PCB ने मैच के दौरान खिलाड़ियों के वॉकआउट की धमकी दी थी और स्काई स्पोर्ट्स से शिकायत दर्ज कराई थी।
उसी नाराजगी के चलते PCB ने त्रिकोणीय वनडे सीरीज के कंमेट्री पैनल से आथर्टन और हुसैन को बाहर कर दिया। इसकी खासी चर्चा हो रही है।
आरोप
इमरान के बेटों ने साक्षात्कार में क्या लगाए थे आरोप?
इमरान की पूर्व पत्नी जेमिमा गोल्डस्मिथ से हुए उनके दूसरे बेटे कासिम खान ने साक्षात्कार में पाकिस्तानी अधिकारियों पर बेहद गंभीर और सीधे आरोप लगाए थे।
उन्होंने कहा था, "अधिकारी उपेक्षा और आइसोलेशन के जरिए प्रत्यक्ष रूप से उन्हें (इमरान खान) जानबूझकर मारने की कोशिश कर रहे हैं। कई राजनीतिक कैदियों की जेल में मौत हो चुकी है और पाकिस्तान सरकार मेरे पिता के साथ भी ऐसा ही करने की योजना बना रही है।"
रुख
पाकिस्तान सरकार और पूर्व क्रिकेटरों का रुख
पाकिस्तान सरकार ने इन सभी आरोपों को खारिज कर दिया। सरकार का कहना है कि उन्होंने इमरान के रिश्तेदारों, वकीलों या डॉक्टरों को उनसे मिलने से कभी नहीं रोका है।
साल 2023 से जेल में बंद इमरान के स्वास्थ्य को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं, क्योंकि रिपोर्ट्स के अनुसार वे अपनी आंखों की 75 प्रतिशत रोशनी खो चुके हैं।
दुनिया भर के कई पूर्व क्रिकेटरों ने भी पाकिस्तान सरकार को पत्र लिखकर उन्हें चिकित्सा सहायता देने की मांग की है।