LOADING...
श्रीलंका बनाम ऑस्ट्रेलिया: कोरोना पॉजिटिव होकर दूसरे टेस्ट के बीच से ही बाहर हुए पथुम निसंका
कोरोना पॉजिटिव हुए पथुम निसंका (तस्वीर: ट्विटर/@OfficialSLC)

श्रीलंका बनाम ऑस्ट्रेलिया: कोरोना पॉजिटिव होकर दूसरे टेस्ट के बीच से ही बाहर हुए पथुम निसंका

लेखन Neeraj Pandey
Jul 11, 2022
10:17 am

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रहे दूसरे टेस्ट में मजबूत स्थिति में पहुंच चुकी श्रीलंका क्रिकेट टीम को एक बड़ा झटका लगा है। उनके ओपनर बल्लेबाज पथुम निसंका को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। कोरोना पॉजिटिव होने के कारण अब वह बचे हुए मैच में हिस्सा नहीं ले पाएंगे और उन्हें अलग होटल में ले जाकर आइसोलेट कर दिया गया है। वर्तमान टेस्ट सीरीज में श्रीलंका की टीम का यह छठा कोरोना का मामला है।

प्रदर्शन

पहली पारी में निसंका ने बनाए थे केवल छह रन

पहली पारी में केवल छह रन बनाने वाले निसंका को रविवार की सुबह एंटीजेन टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया था जिसके बाद उनका पीसीआर टेस्ट भी कराया गया। इस टेस्ट में भी पॉजिटिव आने के बाद उन्हें दूसरे होटल में भेज दिया गया है। निसंका द्वारा परेशानी की शिकायत करने के बाद उनका टेस्ट किया गया था। अब वह बचे हुए मैच में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

ओसादा फर्नांडो

फर्नांडो को किया गया टीम में शामिल

निसंका की जगह ओसादा फर्नांडो को श्रीलंका की टीम में शामिल किया गया है। इससे पहले फर्नांडो को पहले टेस्ट में भी कोरोना सब्सीच्यूट के तौर पर टीम में शामिल किया गया था। पहले टेस्ट के दौरान एंजेलो मैथ्यूज कोरोना पॉजिटिव हुए थे। फर्नांडों ने श्रीलंका के लिए 16 टेस्ट मैचों में 871 रन बनाए हैं। फर्नांडो ने अब तक टेस्ट क्रिकेट में एक शतक और पांच अर्धशतक लगाए हैं।

मामले

वर्तमान सीरीज में श्रीलंका के छह खिलाड़ी हुए कोरोना पॉजिटिव

दूसरा टेस्ट शुरु होने से एक दिन पहले स्पिनर प्रवीण जयविक्रमा कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद धनंजया डिसिल्वा, असिता फर्नांडो और जेफ्री वांडरसे भी कोरोना की चपेट में आए थे। दूसरे टेस्ट के लिए श्रीलंका के चार खिलाड़ी कोरोना के कारण उपलब्ध नहीं थे। निसंका और मैथ्यूज के मामलों को मिला लें तो वर्तमान टेस्ट सीरीज में श्रीलंका के छह खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं।

लेखा-जोखा

मजबूत स्थिति में पहुंची श्रीलंका की टीम

दूसरे टेस्ट मैच में श्रीलंका ने खुद को अच्छी स्थिति में पहुंचा लिया है। चौथे दिन के पहले सेशन में श्रीलंका ने 75 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। खबर लिखे जाने तक टीम ने छह विकेट के नुकसान पर 439 रन बना लिए हैं। दिनेश चंदीमल (125) और रमेश मेंडिस (8) फिलहाल क्रीज पर मौजूद हैं। ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 364 के स्कोर पर समाप्त हुई थी।