LOADING...
पेरिस ओलंपिक 2024: भारतीय खिलाड़ी 6 अगस्त को इन खेलों में लेंगे हिस्सा, समय भी जानिए 
6 अगस्त को नीरज चोपड़ा करेंगे अपने अभियान का आगाज (तस्वीर: एक्स/@Neeraj_chopra1)

पेरिस ओलंपिक 2024: भारतीय खिलाड़ी 6 अगस्त को इन खेलों में लेंगे हिस्सा, समय भी जानिए 

Aug 05, 2024
08:49 pm

क्या है खबर?

पेरिस ओलंपिक 2024 में 5 अगस्त को भारत के बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन पुरुष एकल वर्ग में कांस्य पदक का मुकाबला हार गए। उनके अलावा निशानेबाजी में माहेश्वरी चौहान और अनंतजीत सिंह नरुका की जोड़ी भी कांस्य पदक से चूक गई। अब 6 अगस्त को भारतीय खिलाड़ी एथलेटिक्स, कुश्ती, टेबल टेनिस और हॉकी में हिस्सा लेते हुए नजर आएंगे। नीरज चोपड़ा भी अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। आइए मंगलवार को होने वाले भारत के मुकाबलों के बारे में जानते हैं।

भाला फेंक

नीरज चोपड़ा और किशोर जेना क्वालीफिकेशन राउंड में करेंगे शुरुआत 

चोपड़ा 6 अगस्त को क्वालीफिकेशन राउंड से नजर आएंगे। टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता इस खिलाड़ी को क्वालीफिकेशन राउंड में ग्रुप-B में रखा गया है, जो भारतीय समयानुसार दोपहर 3:20 बजे शुरू होगा। चोपड़ा के हमवतन किशोर जेना को ग्रुप-A में रखा गया है। वह दोपहर 1:50 बजे से चुनौती पेश करेंगे। अगर भारतीय खिलाड़ी क्वालीफिकेशन राउंड को पार कर लेते हैं, तो वह 8 अगस्त को रात 11:00 बजे होने वाले फाइनल में भाग लेंगे।

हॉकी 

फाइनल में पहुंचना चाहेगी भारतीय हॉकी टीम

भारतीय पुरुष हॉकी टीम सेमीफाइनल मुकाबले में जर्मनी से भिड़ेगी। भारतीय टीम 1980 के बाद ओलंपिक के फाइनल में जगह बनाने का प्रयास करेगी। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे से शुरू होगा। बता दें कि पेरिस खेलों में भारत ने ग्रेट ब्रिटेन को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। भारत ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में निर्धारित समय तक ब्रिटेन की टीम को 1-1 से बराबरी पर रोका था।

Advertisement

अन्य खेल 

विनेश फोगाट समेत ये भारतीय खिलाड़ी भी लेंगे हिस्सा

भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट 50 किलो वर्ग में अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। यह मैच दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। टेबल टेनिस में भारत की पुरुष टीम चीन के खिलाफ राउंड ऑफ-16 में भिड़ेगी। यह मैच दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा। एथलेटिक्स में भारत की किरन पहल महिलाओं की 400 मीटर दौड़ (रेपचेज) में खेलेगी। यह दौड़ दोपहर 2:50 बजे शुरू होगी। वह आज हीट-5 में 7वें स्थान पर रही थी।

Advertisement

पदक 

भारत ने जीते हुए हैं 3 पदक 

पेरिस ओलंपिक 2024 में अब तक भारत ने कुल 3 कांस्य पदक ही जीते हैं और दिलचस्प रूप से ये सभी निशानेबाजी में आए हैं। मनु भाकर ने 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। इसके बाद मनु ने सरबजोत सिंह के साथ मिलकर मिश्रित स्पर्धा में भी कांस्य पदक जीता। इनके अलावा स्वप्निल कुसाले ने पुरुषों के 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में कांस्य पदक पर निशाना साधा था।

Advertisement