गेंद से छेड़छाड़ में फंसे पाकिस्तानी बल्लेबाज अहमद शहजाद, लग सकता है जुर्माना
क्या है खबर?
हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ घरेलू टी-20 सीरीज़ में पाकिस्तानी टीम में वापसी करने वाले ओपनिंग बल्लेबाज अहमद शहजाद एक बार फिर मुश्किलों में फंस गए हैं।
पाकिस्तान में फिलहाल कायदे आजम ट्रॉफी खेली जा रही है जिसमें सेंट्रल पंजाब टीम की कप्तानी शहजाद कर रहे हैं।
शहजाद को सिंध के खिलाफ मुकाबले के दौरान गेंद से छेड़छाड़ करने का दोषी पाया गया है और उन्हें आज इसकी सजा सुनाई जाएगी।
छेड़छाड़
दूसरे दिन के खेल के दौरान शहजाद ने की गेंद से छेड़छाड़
सेंट्रल पंजाब और सिंध के बीच फैसलाबाद के इकबाल स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले के दूसरे दिन के खेल में शहजाद ने गेंद से छेड़छाड़ की थी।
मैच रेफरी नदीम अरशद ने शहजाद को तलब किया है, लेकिन उन्हें क्या सजा मिलेगी इसकी घोषणा आज होनी है।
PCB मीडिया ने इस बारे में ट्वीट किया, "सेंट्रल पंजाब के कप्तान अहमद शहजाद को गेंद से छेड़छाड़ करने का दोषी पाया गया है। फैसला कल होगा।"
कार्यवाही
पहले भी अनुशासनात्मक कार्यवाही झेल चुके हैं शहजाद
यह कोई पहला मौका नहीं है जब शहजाद पर नियमों का पालन नहीं करने का आरोप लग रहा है।
2018 में PCB ने शहजाद पर उनके एंटी-डोपिंग नियमों का पालन नहीं करने के कारण चार महीनों का बैन लगाया था।
पाकिस्तान डोमेस्टिक कप टूर्नामेंट से पहले PCB की औचक डोप टेस्ट में शहजाद पॉजिटिव पाए गए थे और उन पर 10 जुलाई, 2018 से चार महीनों का बैन लगा था।
प्रदर्शन
श्रीलंका के खिलाफ सीरीज़ में खूब ट्रोल हुए थे शहजाद
पाकिस्तानी कोच मिस्बाह उल हक ने श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज़ में अहमद शहजाद को टीम में शामिल किया था।
पहले टी-20 में शहजाद नौ गेंदों में चार रन बनाकर आउट हुए तो वहीं दूसरे टी-20 में वह 16 गेदों में 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
दोनों मैचों में फेल रहने के बाद शहजाद को क्रिकेट फैंस ने जमकर ट्रोल किया था और मिस्बाह पर भी सवाल खड़े किए गए थे।
करियर
शहजाद का इंटरनेशनल करियर
शहजाद ने 2009 में पाकिस्तान के लिए अपना टी-20 और वनडे डेब्यू किया था।
59 टी-20 मैचों में एक शतक और सात अर्धशतक सहित उनके नाम 1,471 रन दर्ज हैं।
81 वनडे मैचों में शहजाद ने छह शतक और 14 अर्धशतक सहित 2,605 रन बनाए हैं।
2013 में टेस्ट डेब्यू करने वाले शहजाद के नाम 13 टेस्ट में तीन शतक और चार अर्धशतक सहित 982 रन दर्ज हैं।
शहजाद ने 2017 में अपना आखिरी वनडे और टेस्ट मैच खेला था।