Page Loader
2025 में चैंपियन्स ट्रॉफी होस्ट करेगा पाकिस्तान, भारत को मिला तीनों इवेंट होस्ट करने का मौका

2025 में चैंपियन्स ट्रॉफी होस्ट करेगा पाकिस्तान, भारत को मिला तीनों इवेंट होस्ट करने का मौका

लेखन Neeraj Pandey
Nov 17, 2021
08:07 am

क्या है खबर?

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने 2024 से 2031 के बीच होने वाले ICC इवेंट्स को होस्ट करने वाले देशों की घोषणा कर दी है। 2025 में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी पाकिस्तान में खेली जाएगी। 1996 के बाद पाकिस्तान पहली बार कोई ICC इवेंट होस्ट करेगा। इस अवधि में चार टी-20 विश्व कप, दो चैंपियंस ट्रॉफी और दो वनडे विश्वकप खेले जाने हैं। आइए जानते हैं किन-किन देशों में खेले जाएंगे यह सारे टूर्नामेंट।

पाकिस्तान

तीन दशक के बाद ICC इवेंट होस्ट करेगा पाकिस्तान

2025 में पाकिस्तान चैंपियंस ट्रॉफी को होस्ट करेगा तो लगभग तीन दशक के बाद पाकिस्तान में कोई ICC टूर्नामेंट खेला जाएगा। आखिरी बार पाकिस्तान ने भारत और श्रीलंका के साथ मिलकर 1996 में विश्व कप का आयोजन किया था। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड लगातार अपने देश में क्रिकेट की वापसी कराने की कोशिश में लगा हुआ है। 2009 में श्रीलंका की टीम पर हुए आतंकवादी हमले के बाद से पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मैच होस्ट करने का मौका नहीं मिल रहा था।

भारत

तीन ICC इवेंट होस्ट करेगा भारत

भारत को तीन ICC इवेंट होस्ट करने का मौका दिया गया है। 2026 के टी-20 विश्व कप को श्रीलंका के साथ मिलकर भारत होस्ट करेगा। इसके बाद 2029 में होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी को पूरी तरह से भारत में ही खेला जाएगा। 2031 में होने वाले वनडे विश्वकप में भी भारत को सह आयोजक बनाया गया है। वर्तमान समय की बात करें तो 2023 में होने वाला वनडे विश्व कप भारत में ही खेला जाना है।

अमेरिका

अमेरिका में होगा 2024 टी-20 विश्व कप

2024 में होने वाले पुरुष टी-20 विश्व कप के लिए अमेरिका और वेस्टइंडीज को आयोजक बनाया गया है। आपको बता दें कि यह पहला मौका होगा जब अमेरिका में कोई बड़ा ग्लोबल क्रिकेट टूर्नामेंट खेला जाएगा। हालिया समय में ICC लगातार अमेरिका के मार्केट को टार्गेट करती हुई दिखी है। ICC को उम्मीद है कि वे 2028 में अमेरिका में होने वाले ओलंपिक में क्रिकेट को शामिल करा ले जाएंगे।

जानकारी

नामीबिया को भी मिली विश्व कप की मेजबानी

ICC ने नामीबिया को भी एक ICC इवेंट प्रदान किया है। 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका को दी गई है और इसके लिए नामीबिया तथा जिम्बाब्वे को संयोजक बनाया गया है।

होस्ट

2024-2031 के लिए ICC इवेंट्स के होस्ट

2024 टी-20 विश्व कप: अमेरिका और वेस्टइंडीज। 2025 चैंपियन ट्रॉफी: पाकिस्तान। 2026 टी-20 विश्व कप: भारत और श्रीलंका। 2027 वनडे विश्व कप: नामीबिया, दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे। 2028 टी-20 विश्व कप: ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड। 2029 चैंपियंस ट्रॉफी: भारत। 2030 टी-20 विश्व कप: इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड। 2031 वनडे विश्व कप: भारत और बांग्लादेश।