Page Loader
IPL: औरेंज और पर्पल कैप जीत चुके ये खिलाड़ी अब टूर्नामेंट में नहीं नजर आते

IPL: औरेंज और पर्पल कैप जीत चुके ये खिलाड़ी अब टूर्नामेंट में नहीं नजर आते

लेखन Neeraj Pandey
Mar 03, 2020
07:12 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) क्रिकेट के रोमांच को बढ़ाने का काम करता है और खिलाड़ियों में आपसी प्रतिस्पर्धा अपने चरम पर होती है। IPL के हर सीजन में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज को औरेंज कैप और सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज को पर्पल कैप दिया जाता है। एक नजर डालते हैं उन खिलाड़ियों पर जो पर्पल और औरेंज कैप जीत चुके हैं, लेकिन अब IPL में नहीं खेलते हैं।

शॉन मार्श और मैथ्यू हेडन

IPL में धमाल मचा चुके हैं ये ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज शॉन मार्श ने IPL के पहले सीजन में किंग्स इलेवन पंजाब के लिए खेलते हुए 616 रन बनाए और औरेंज कैप अपने नाम की। 71 IPL मैचों में 2,477 रन बना चुके मार्श ने आखिरी IPL मुकाबला 14 मई, 2017 को खेला था। वहीं चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए तीन सीजन IPL में खेलने वाले मैथ्यू हेडन ने 2009 में 572 रन बनाकर औरेंज कैप जीती थी, लेकिन हेडन ने 2010 के बाद IPL नहीं खेला है।

औरेंज कैप

सचिन और हसी ने भी हासिल की है औरेंज कैप

मुंबई इंडियंस के लिए पांच सीजन खेलने वाले सचिन तेंदुलकर ने 2010 में 618 रन बनाए और औरेंज कैप हासिल की थी। सचिन ने मुंबई इंडियंस के लिए 78 IPL मैचों में 2,334 रन बनाए और 2013 उनका आखिरी सीजन रहा। वहीं मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए IPL खेल चुके पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज माइकल हसी ने 2013 में 733 रन बनाकर औरेंज कैप अपने नाम की थी। हसी ने 59 IPL मैचों में 1,977 रन बनाए हैं।

पर्पल कैप

एक ही सीजन खेल सका था पर्पल कैप विजेता पाकिस्तानी खिलाड़ी

IPL के पहले सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले पाकिस्तानी तेज गेंदबाज सोहेल तनवीर ने 22 विकेट लेकर पर्पल कैप जीती थी। हालांकि, इसके बाद से तनवीर को दोबारा IPL में हिस्सा लेने का मौका नहीं मिला। वहीं, पांच अलग-अलग फ्रेंचाइजियों के लिए IPL खेल चुके पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज आरपी सिंह ने 2009 में 23 विकेट लेकर पर्पल कैप जीती थी। 2016 में आखिरी बार IPL खेलने वाले आरपी ने 82 मैचों में 90 विकेट लिए हैं।

मोर्कल और ओझा

पर्पल कैप जीत चुके ये गेंदबाज भी अब नहीं खेलते IPL

2010 में डेक्कन चार्जर्स के लिए खेलते हुए पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा ने 21 विकेट लिए और पर्पल कैप जीती थी। 2015 में आखिरी बार IPL खेलने वाले ओझा ने 92 मैचों में 89 विकेट अपने नाम किए हैं। लंबे समय से क्रिकेट के मैदान से दूर रहने वाले दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्कल ने 2012 में 25 विकेट लेकर पर्पल कैप हासिल की थी। मोर्कल आखिरी बार 2016 में IPL खेलते दिखे थे।