इकलौता टेस्ट: दीप्ति शर्मा ने पहली पारी में लिए 5 विकेट, इंग्लिश टीम सस्ते में सिमटी
क्या है खबर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की प्रमुख ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टेस्ट में अविश्वसनीय गेंदबाजी की।
ऑफ स्पिन गेंदबाजी करने वाली दीप्ति ने इंग्लैंड की पहली पारी में महज 7 रन देते हुए 5 विकेट चटकाए।
दीप्ति की फिरकी के जाल में फंसी इंग्लिश टीम पहली पारी में महज 136 रन पर ही ढेर हो गई।
आइए उनके द्वारा हासिल की उपलब्धि के बारे में जानते हैं।
रिकॉर्ड
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली भारतीय महिला बनी दीप्ति
दीप्ति इंग्लिश टीम के खिलाफ दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली भारतीय महिला गेंदबाज बनी हैं।
इस टीम के विरुद्ध उनसे बेहतर प्रदर्शन सिर्फ नीतू डेविड (8/53) ने साल 1995 में किया है।
दीप्ति अब उन चुनिंदा गेंदबाजों में शुमार हो गई हैं, जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 5 विकेट लेने का कारनामा किया है।
भारतीय गेंदबाजों में नीतू और दीप्ति के अलावा इंग्लैंड के खिलाफ पूर्णिमा राव (1 बार) और झूलन गोस्वामी (3 बार) 5 विकेट हॉल ले चुकी हैं।
दीप्ति
दीप्ति ने हासिल की ये उपलब्धि
इससे पहले दीप्ति ने बल्ले से भी कमाल किया था। उन्होंने 10 चौकों और 1 छक्के की मदद से 67 रन की पारी खेली थी।
वह टेस्ट की एक पारी में अर्धशतक के साथ-साथ 5 विकेट लेने वाली दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी बनी हैं।
वह ऐसा कारनामा करने वाली महिला क्रिकेट में विश्व की कुल 13वीं खिलाड़ी बनी हैं।
शुभांगी कुलकर्णी 1985 में न्यूजीलैंड के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल करने वाली एकमात्र अन्य भारतीय हैं।
करियर
दीप्ति के टेस्ट करियर पर एक नजर
दीप्ती ने जून 2021 में इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था।
उन्होंने अब तक 3 मैचों में 3 पारियों में 10.80 की औसत के साथ कुल 10 विकेट लिए हैं। यह टेस्ट क्रिकेट में उनका पहला 5 विकेट हॉल है।
बल्लेबाजी में उन्होंने 73.00 की औसत के साथ 219 रन बनाए हैं। इस बीच वह 67 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 3 अर्धशतक भी लगा चुकी हैं।
इंग्लैंड
भारत ने हासिल की मजबूत बढ़त
भारत ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 428 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। भारत से दीप्ति, शुभा सतीश, यास्तिका भाटिया और जेमिमा रोड्रिगेज ने अर्धशतक लगाए थे।
जवाब में इंग्लिश टीम महज 35.3 ओवर खेलकर 136 रन पर ही सिमट गई।
दीप्ति के अलावा स्नेह राणा ने 2 विकेट जबकि रेणुका ठाकुर और पूजा वस्त्राकर ने 1-1 विकेट हासिल किए।
पहली पारी के आधार पर भारत ने 292 रन की बढ़त हासिल की।