आज ही के दिन रोहित शर्मा ने लगाया था वनडे में अपना तीसरा दोहरा शतक

वनडे क्रिकेट के सबसे विध्वंसक ओपनर्स में से एक रोहित शर्मा बड़ी पारियां खेलने के लिए मशहूर हैं। 13 दिसंबर, 2017 के दिन रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ एक ऐसी ही पारी खेली थी जिसे क्रिकेट फैंस हमेशा याद रखेंगे। आज ही के दिन हिटमैन ने वनडे क्रिकेट में अपना तीसरा दोहरा शतक लगाया था। आइए एक नजर डालते हैं रोहित की उस पारी पर और जानते हैं कैसा रहा था मैच।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिए रोहित ने शिखर धवन (68) के साथ मिलकर 115 रन जोड़े थे। रोहित ने अपना अर्धशतक 65 गेंदों में पूरा किया था और लगातार खुद को क्रीज पर सेट करने की कोशिश कर रहे थे। 115 गेंदों में रोहित ने अपना शतक पूरा किया और संकेत दे दिए कि वह एक बड़ी पारी खेलने की ओऱ तेजी से अग्रसर हो रहे हैं।
शतक पूरा होने के बाद रोहित ने अपना गियर बदलना शुरु किया और अगली 18 गेंदों में 50 रन बनाकर अपना 150 पूरा किया। इसके बाद अगली 17 गेंदों में रोहित ने फिर से 50 रन बना डाले और इस प्रकार 151 गेंदों में ही उन्होंने अपना तीसरा वनडे दोहरा शतक पूरा किया। रोहित ने 153 गेंदों में नाबाद 208 रनों की पारी खेली जिसमें 13 चौके और 12 छक्के शामिल थे।
रोहित (208), धवन (68) और श्रेयस अय्यर (88) की बदौलत भारत ने निर्धारित 50 ओवर्स में 392/4 का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी श्रीलंका ने 62 के स्कोर पर ही तीन विकेट गंवा दिए थे। एंजेलो मैथ्यूज (111*) ने अकेले संघर्ष किया और उनकी टीम 251/8 का स्कोर ही बना सकी थी। युजवेंद्र चहल ने भारत के लिए सबसे अधिक तीन विकेट चटकाए थे।
रोहित शर्मा ने वनडे में रिकॉर्ड तीन दोहरे शतक लगाए हैं। उन्होंने 2013 में अपना पहला दोहरा शतक (209 रन) ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाया था। उन्होंने 2014 में श्रीलंका के खिलाफ 264 रनों की पारी खेली थी जो कि वनडे क्रिकेट इतिहास में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर है। रोहित ने अपना तीसरा दोहरा शतक भी श्रीलंका के खिलाफ ही जड़ा था। उन्होंने 2017 में मोहाली में 208 रनों की नाबाद पारी खेली थी।