आज ही के दिन मुंबई इंडियंस ने जीता था अपना पहला IPL खिताब

2013 में आज ही के दिन मुंबई इंडियंस ने पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का खिताब जीता था। रोहित शर्मा की अगुवाई में मुंबई ने चेन्नई सुपरकिंग्स को फाइनल में 23 रन से हराया था। रिकी पोंटिंग से बीच सीजन कप्तानी का जिम्मा अपने कंधों पर लेने वाले रोहित की खूब तारीफ की गई थी। केरान पोलार्ड ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर फाइनल को मुंबई के पक्ष में मोड़ दिया था।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने चार ओवरो में ही 16 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे। अंबाती रायडू ने केरान पोलार्ड के साथ मिलकर 48 रनों की साझेदारी की और मुंबई की पारी को संभाला। भले ही अन्य बल्लेबाजों का प्रदर्शन खराब रहा, लेकिन पोलार्ड डटे रहे। पोलार्ड ने 32 गेंदों में नाबाद 60 रन बनाए और अपनी टीम को 148/9 के स्कोर तक पहुंचाया। CSK के लिए ड्वेन ब्रावो ने चार विकेट चटकाए।
149 रनों के स्कोर का पीछा करने उतरी CSK ने पहले ओवर में ही माइकल हसी और सुरेश रैना के विकेट गंवा दिए थे। लसिथ मलिंगा और मिचेल जॉनसन जैसे गेंदबाजों ने CSK के टॉप आर्डर को आसानी से हिला दिया। CSK ने 36 के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए थे, लेकिन कप्तान एमएस धोनी एक छोर पर मौजूद थे। धोनी ने 45 गेंदों में 65 रन बनाए, लेकिन उनकी टीम मैच हार गई।
फाइनल में मैन ऑफ द मैच रहने वाले पोलार्ड ने अकेले मैच में अंतर पैदा करने का काम किया था। उन्होंने अपनी पारी के दौरान सात चौके और तीन छक्के लगाए थे। पोलार्ड ने अपनी टीम को आखिरी दो ओवरों में 19 रन जोड़ने में मदद किया था। मुंबई की पारी की आखिरी दो गेंदों पर पोलार्ड ने लगातार दो छक्के लगाए थे। 20वें ओवर की पहली तीन गेंदों पर ब्रावो ने कोई रन नहीं दिया था।
2008 से शुरु हुई लीग में छठे सीजन में जाकर पहला खिताब जीतने वाली मुंबई 12 सीजन होने तक खुद को सबसे ज़्यादा बार IPL जीतने वाली टीम बना लिया है। मुंबई ने 2015, 2017 और 2019 में खिताब अपने नाम किया है।