Page Loader
वनडे विश्व कप 2023: स्लो ओवर रेट के चलते श्रीलंकाई टीम पर लगा जुर्माना
श्रीलंका को पहले मैच में मिली थी 102 रनों से शिकस्त (तस्वीर: एक्स/@ICC)

वनडे विश्व कप 2023: स्लो ओवर रेट के चलते श्रीलंकाई टीम पर लगा जुर्माना

Oct 08, 2023
06:42 pm

क्या है खबर?

वनडे विश्व कप 2023 में श्रीलंका क्रिकेट टीम को अपने पहले मैच में करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। इस हार के बाद अब श्रीलंकाई टीम के लिए एक और बुरी खबर सामने आई है। दरअसल, श्रीलंकाई टीम पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में स्लो ओवर रेट के चलते मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगा है। बता दें कि श्रीलंका ने तय समय तक 2 ओवर कम किए थे। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

बयान

कप्तान शनाका ने स्वीकार की अपनी गलती 

ICC ने रविवार (8 अक्टूबर) को बयान जारी कर कहा, "आचार संहिता के आर्टिकल 2.22 के अनुसार, खिलाड़ी और संबंधित स्टाफ पर उनके मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है, जो तय निर्धारित समय में गेंदबाजी करने में विफल रहे हैं।" बयान में आगे कहा गया है कि कप्तान दासुन शनाका ने अपनी गलती मानी है जिसके चलते उन पर कोई आधिकारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी है।

नियम

क्या कहते हैं ICC के नियम?

मैदानी अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ और शाहिद सैकत के अलावा टीवी अंपायर माइकल गफ और चौथे अंपायर एलेक्स व्हार्फ ने श्रीलंकाई टीम पर स्लो ओवर रेट के चार्ज लगाए थे। इसके बाद मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ ने ये कार्यवाई की है। ICC के नियम के तहत किसी टीम ने तय समय के अंदर जितने ओवर कम फेंके होते हैं उसके टीम के सदस्यों को प्रति ओवर के हिसाब से मैचफीस का 5 प्रतिशत जुर्माने के रूप में देना पड़ता है।

लेखा-जोखा 

श्रीलंका को पहले मैच में मिली थी 102 रनों से शिकस्त 

पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवरों में 5 विकेट खोकर 428 रन बनाए थे। प्रोटियाज टीम से क्विंटन डिकॉक (100), रासी वान डेर डुसेन (108) और एडेन मार्करम (106) ने शतक लगाए थे। लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी श्रीलंका टीम 44.5 ओवर में सभी 10 विकेट खोकर 326 रन ही बना सकी और मैच हार गई। श्रीलंकाई टीम से चरिथ असलंका ने सबसे अधिक 79 रन बनाकर संघर्ष किया था।

जानकारी

श्रीलंका के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका ने बनाया था विश्व कप इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर 

श्रीलंका के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका ने वनडे विश्व कप इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर (428/5) बनाया। इससे पूर्व यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया (417/6 बनाम अफगानिस्तान, 2015) के नाम दर्ज था। तीसरे नंबर पर भारत (413/5 बनाम बरमूडा, 2007) है।