Page Loader
वनडे विश्व कप 2023: श्रेयस अय्यर ने वनडे करियर 16वां अर्धशतक लगाया, जानिए उनके आंकड़े 
श्रेयस अय्यर ने अपने वनडे करियर का 16वां अर्धशतक लगाया है (तस्वीर: एक्स/ @BCCI)

वनडे विश्व कप 2023: श्रेयस अय्यर ने वनडे करियर 16वां अर्धशतक लगाया, जानिए उनके आंकड़े 

Nov 02, 2023
06:27 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और श्रीलंका क्रिकेट टीम के बीच वनडे विश्व कप 2023 के मुकाबले में श्रेयस अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने वनडे करियर का 16वां अर्धशतक लगाया है। उन्होंने पहली गेंद से ही आक्रामक बल्लेबाजी की और श्रीलंका के सभी गेंदबाजों के खिलाफ बड़े-बड़े शॉट लगाए। वह 82 रन बनाकर आउट हुए और 18 रन से विश्व कप में अपना पहला शतक बनाने से चूक गए। आइए अय्यर की पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी

कैसी रही अय्यर की पारी और साझेदारी?

अय्यर चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए और धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 56 गेंद में 82 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 3 चौके और 6 लंबे छक्के लगाए। अय्यर ने अपनी इस पारी में 146.43 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। उन्होंने पहले केएल राहुल के साथ 47 गेंद में 60 रन जोड़े। इसके बाद रविंद्र जडेजा के साथ 36 गेंद में 57 रन की साझेदारी निभाई। अय्यर को दिलशान मदुशंका ने कैच आउट कराया।

2023

वनडे क्रिकेट में 2,000 रन पूरे किए 

श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ 65 रन बनाते ही उनके वनडे में 2,000 रन पूरे हुए। वह यह कीर्तिमान को बनाने वाले 28वें भारतीय बल्लेबाज हैं। वह सबसे तेज 2,000 वनडे रन बनाने वाले तीसरे भारतीय (49 पारी) बल्लेबाज हैं। उनसे पहले शुभमन गिल ने 38 और शिखर धवन ने 48 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। अय्यर ने इस विश्व कप में दूसरा अर्धशतक लगाया है। इससे पहले उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 53 रन बनाए थे।

रन

विश्व कप 2023 में कैसा रहा है अय्यर का प्रदर्शन?

टूर्नामेंट में अय्यर के प्रदर्शन की बात करें तो पिछले कुछ मैच में वह फ्लॉप रहे थे। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले मैच में उनका खाता नहीं खुला था। अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे मैच में वह 25 रन बनाकर नाबाद रहे थे। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने नाबाद 53, बांग्लादेश के खिलाफ 19, न्यूजीलैंड के खिलाफ 33 और इंग्लैड क्रिकेट टीम के खिलाफ सिर्फ 4 रन की पारी खेली थी। हालांकि, अब वह फॉर्म में लौट आए हैं।

छक्का

विश्व कप 2023 का सबसे लंबा छक्का लगाया  

अय्यर ने अपनी इस पारी के दौरान 36वें ओवर की चौथी गेंद पर 106 मीटर का छक्का लगाया। यह इस विश्व कप का सबसे लंबा छक्का है। इससे पहले ग्लेन मैक्सवेल ने नीदरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सबसे लंबा छक्का लगाया था। उन्होंने 104 मीटर लंबा छक्का जड़ा था। तीसरे स्थान पर भी अय्यर हैं। उन्होंने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ 101 मीटर लंबा छक्का लगाया था। इसके बाद डेरिल मिचेल ने 98 मीटर लंबा छक्का लगाया है।

करियर

अय्यर के करियर पर एक नजर 

अय्यर ने 10 दिसंबर, 2017 को श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने वनडे क्रिकेट करियर का आगाज किया था। उन्होंने इस प्रारूप में 54 मैच खेले हैं, जिसकी 49 पारियों में उन्होंने 45.84 की औसत और 98.20 की स्ट्राइक रेट से 2,017 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 16 अर्धशतक और 3 शतक जड़े हैं। वनडे में उनका सर्वाधिक स्कोर 113* रन है। वह वनडे क्रिकेट में 5 बार नाबाद भी रहे हैं।