Loading...
न्यूजीलैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका, पहला टेस्ट: हेनरी की घातक गेंदबाजी से 95 में सिमटी दक्षिण अफ्रीका
हेनरी ने की घातक गेंदबाजी (तस्वीर- ट्विटर/@ICC)

न्यूजीलैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका, पहला टेस्ट: हेनरी की घातक गेंदबाजी से 95 में सिमटी दक्षिण अफ्रीका

Feb 17, 2022
11:40 am

क्या है खबर?

क्राइस्टचर्च में जारी पहले टेस्ट के पहले दिन दक्षिण अफ्रीका की टीम मैट हेनरी की घातक गेंदबाजी (7/23) के सामने अपनी पहली पारी में सिर्फ 95 पर ही सिमट गई। जवाब में स्टम्प्स तक न्यूजीलैंड ने तीन विकेट खोकर 116 रन बना लिए हैं और फिलहाल 21 रनों से बढ़त ले ली है। दिन के खेल की समाप्ति तक क्रीज पर हेनरी निकोलस (37*) और नील वैग्नर (2*) बने हुए है। पहले दिन के खेल पर एक नजर डालते हैं।

प्रदर्शन

हेनरी ने किया अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

तेज गेंदबाज हेनरी ने अपने 15 ओवरों में 23 रन देकर सात विकेट झटके, जिसमें विपक्षी कप्तान डीन एल्गर, एडेन मार्करम और रस्सी वैन डर डुसेन के विकेट प्रमुख रहे।

यह किसी भी कीवी गेंदबाज का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन बन गया है।

यह हेनरी के टेस्ट करियर का भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हो गया है।

हेनरी की घातक गेंदबाजी के चलते दक्षिण अफ्रीका के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।

अन्य रिकार्ड्स

हेनरी ने बनाए ये अन्य रिकार्ड्स

यह किसी भी कीवी गेंदबाज का टेस्ट की एक पारी में संयुक्त रूप से तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हो गया है।

बता दें हेनरी से ज्यादा बेहतर प्रदर्शन करने वाले न्यूजीलैंड के गेंदबाज ऐजाज पटेल (10/119) और रिचर्ड हेडली (9/52 और 7/23) है।

हेनरी का यह प्रदर्शन घरेलू टेस्ट में संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन हो गया है। बता दें हेडली ने 1976 में भारत के खिलाफ वेलिंग्टन में 23 रन देकर सात विकेट झटके थे।

ADVERTISEMENT

दक्षिण अफ्रीका

दक्षिण अफ्रीका ने बनाए ये अनचाहे रिकार्ड्स

पिछली बार 1932 में दक्षिण अफ्रीका की टीम टेस्ट मैच की पहली पारी में 100 के नीचे ऑल आउट हुई थी।

यह छठा ऐसा मौका है, जब दक्षिण अफ्रीकी टीम अपनी पहली पारी में 100 से कम स्कोर पर सिमटी हो। पहली पारी में प्रोटियाज टीम के 100 से कम के स्कोर इस प्रकार हैं:

84 बनाम इंग्लैंड 1889

97 बनाम इंग्लैंड 1892

58 बनाम इंग्लैंड 1912

95 बनाम इंग्लैंड 1912

36 बनाम ऑस्ट्रेलिया 1932

95 बनाम न्यूजीलैंड 2022

ADVERTISEMENT

न्यूजीलैंड

न्यूजीलैंड ने हासिल की बढ़त

दक्षिण अफ्रीका को पहली पारी में सस्ते में समेटने के बाद न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 116 रन बना लिए हैं और फिलहाल 21 रनों की बढ़त हासिल कर ली है।

न्यूजीलैंड से टॉम लैथम (15), विल यंग (8) और डेवोन कॉनवे (36) आउट होने वाले बल्लेबाज रहे।

दक्षिण अफ्रीका से डुआने ओलिवियर ने दो जबकि मार्को जेन्सेन ने एक विकेट लिया। न्यूजीलैंड ने पहले दिन 39 ओवर बल्लेबाजी की।

ADVERTISEMENT