Loading...
न्यूजीलैंड बनाम भारत: टी-20 सीरीज के लिए दोनों टीमें, शेड्यूल और सभी अहम जानकारी
भारतीय टीम अगली टी-20 सीरीज न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगी (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

न्यूजीलैंड बनाम भारत: टी-20 सीरीज के लिए दोनों टीमें, शेड्यूल और सभी अहम जानकारी

Oct 07, 2026
11:56 am

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम 22 अक्टूबर से न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 5 मैचों की टी-20 सीरीज खेलने वाली है। इस सीरीज के लिए दोनों टीमों ने अपने-अपने दलों की घोषणा कर दी है। इस सीरीज के बाद वनडे और टेस्ट सीरीज भी खेली जाएगी। श्रेयस अय्यर भारतीय टीम के कप्तान होंगे। वहीं, कीवी टीम की कमान मिचेल सैंटनर के कंधों पर होगी। ऐसे में आइए सीरीज के कार्यक्रम, टीमें और अन्य सभी अहम जानकारी पर एक नजर डालते हैं।

टीम

ऐसी है पूरी भारतीय टीम

भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नितीश रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव।

4 साल के लंबे अंतराल के बाद भुवनेश्वर की भारतीय टीम में वापसी हुई है। वहीं, चोटिल होने के कारण टीम से बाहर चल रहे वरुण चक्रवर्ती भी टीम का हिस्सा बने हैं।

कीवी

ऐसी है न्यूजीलैंड की टीम 

न्यूजीलैंड की टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैक फॉल्क्स, मैट हेनरी, बेवन जैकब्स, काइल जैमीसन, एडम मिल्ने, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम सेफर्ट और नाथन स्मिथ।

मिल्ने जुलाई 2025 के बाद टीम में लौटे हैं। चोटिल होने के कारण आखिरी विश्व कप का हिस्सा नहीं रहे माइकल ब्रेसवेल की वापसी हुई है। वहीं, रचिन रविंद्र चोटिल होने के कारण टीम से बाहर हैं।

ADVERTISEMENT

कार्यक्रम

कब और कहां खेले जाएंगे मुकाबले? 

सीरीज का पहला मैच 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च के हैगली ओवल में खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला 24 अक्टूबर को इसी मैदान पर होगा।

इसके बाद तीसरा मैच 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा। चौथा मुकाबला 30 अक्टूबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में होगा।

सीरीज का आखिरी मैच एक नवंबर को हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेला जाएगा।

इसके बाद 4 नवंबर से वनडे सीरीज शुरू होगी। इस सीरीज में भी 5 मुकाबले होंगे।

ADVERTISEMENT

हेड-टू-हेड

न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का पलड़ा रहा है भारी 

टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत और न्यूजीलैंड के बीच 31 मुकाबले हुए हैं। इनमें भारतीय टीम ने 19 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड को 11 मुकाबलों में जीत मिली है। एक मैच टाई रहा है।

दोनों टीमों के बीच पिछले 5 मुकाबलों में भारत ने 4 में जीत दर्ज की है।

न्यूजीलैंड की धरती पर दोनों टीमों के बीच 12 मुकाबले हुए हैं। इनमें भारत ने 5 और न्यूजीलैंड ने 4 मैच जीते हैं, जबकि 3 मुकाबले टाई रहे हैं।

जानकारी

कब और कहां देखें सीरीज?

न्यूजीलैंड बनाम भारत टी-20 सीरीज के सभी मैच सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखे जाएंगे। वहीं, सोनी लिव के द्वारा लाइव स्ट्रीम किया जाएगा। सीरीज के सभी टी-20 मुकाबले भारतीय समयानुसार सुबह 7 बजे शुरू होंगे।

ADVERTISEMENT