Page Loader
2019 विश्व कप के बाद से न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम का वनडे क्रिकेट में कैसा रहा प्रदर्शन? 
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम साल 2019 के फाइनल तक पहुंची थी (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

2019 विश्व कप के बाद से न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम का वनडे क्रिकेट में कैसा रहा प्रदर्शन? 

Aug 15, 2023
02:04 pm

क्या है खबर?

इस साल अक्टूबर-नवंबर में भारतीय सरजमीं पर वनडे विश्व कप खेला जाना है। साल 2015 और साल 2019 के वनडे विश्व कप का फाइनल न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने खेला था। वह दोनों टूर्नामेंट के फाइनल में हार गए। ऐसे में वह पहली बार विश्व कप के खिताब को जीतना चाहेंगे। टीम में ट्रेंट बोल्ट की भी वापसी हो रही है। आइए जानते हैं कि 2019 के वनडे क्रिकेट विश्व कप के बाद न्यूजीलैंड का प्रदर्शन कैसा रहा है।

वनडे

2019 के विश्व कप के बाद वनडे क्रिकेट में न्यूजीलैंड के आंकड़े

साल 2019 वनडे विश्व कप का फाइनल 14 जुलाई, 2019 को खेला गया था। इसके बाद न्यूजीलैंड ने अब तक 37 मैच खेले हैं। टीम को 21 मुकाबलों में जीत मिली है। 13 मैच में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। 2 मैच में कोई नतीजा नहीं निकल पाया है और 1 मैच टाई रहा है। इस दौरान न्यूजीलैंड का सबसे बड़ा स्कोर 360 रन रहा है। सबसे छोटे स्कोर की बात करें तो वह 82 रन है।

सीरीज

न्यूजीलैंड ने 2019 विश्व कप के बाद 14 वनडे सीरीज खेली 

साल 2019 के विश्व कप के बाद न्यूजीलैंड ने 14 वनडे सीरीज खेली है। 9 सीरीज में टीम को जीत मिली है। 1 सीरीज पाकिस्तान के खिलाफ सुरक्षा कारणों के कारण रद्द हो गई थी। 4 वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड की टीम को हार का सामना करना पड़ा है। विश्व कप से पहले न्यूजीलैंड को इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज खेलनी है। विश्व कप में भी उनका पहला मैच इंग्लैंड से ही है।

रन

टॉम लैथम ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन 

2019 के वनडे विश्व कप के बाद न्यूजीलैंड के लिए वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन टॉम लैथम ने बनाए हैं। उन्होंने 36 मैच खेले हैं और 44.96 की औसत से 1,259 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 3 शतक और 6 अर्धशतक लगाए हैं। डेरिल मिशेल दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 25 मैच में 43.63 की औसत से 829 रन बनाए हैं। मार्टिन गुप्टिल ने 20 मैच में 36.95 की औसत से 739 रन बनाए हैं।

विकेट

मैट हेनरी ने 2019 के विश्व कप के बाद लिए हैं सबसे ज्यादा विकेट 

2019 के वनडे विश्व कप के बाद न्यूजीलैंड के लिए वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट मैट हेनरी ने लिए हैं। उन्होंने 21 मैच खेले हैं और 23.72 की औसत से 36 विकेट झटके हैं। दूसरे स्थान पर टिम साउथी हैं, उन्होंने 14 मैच में 27.25 की औसत से 24 विकेट अपने नाम किए हैं। बोल्ट ने 11 मैच में 19.13 की औसत से 23 विकेट और लॉकी फर्ग्यूसन ने 18 मैच में 21 विकेट लिए हैं।

मैच

 विश्व कप में कब और कहां खेले जाएंगे न्यूजीलैंड के मैच?

न्यूजीलैंड बनाम इंग्लैंड - 05 अक्टूबर, अहमदाबाद न्यूजीलैंड बनाम नीदरलैंड- 09 अक्टूबर, हैदराबाद न्यूजीलैंड बनाम बांग्लादेश- 13 अक्टूबर, चेन्नई न्यूजीलैंड बनाम अफगानिस्तान- 18 अक्टूबर, चेन्नई न्यूजीलैंड बनाम भारत- 22 अक्टूबर, धर्मशाला न्यूजीलैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया- 28 अक्टूबर, धर्मशाला न्यूजीलैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका- 01 नवंबर, पुणे न्यूजीलैंड बनाम पाकिस्तान- 04 नवंबर, बैंगलोर न्यूजीलैंड बनाम श्रीलंका- 09 नवंबर, बैंगलोर