LOADING...
नवी मुंबई में बनेगा भारत का दूसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम, इतनी होगी क्षमता
भारत का दूसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम कहां बनेगा? (प्रतीकात्मक तस्वीर)

नवी मुंबई में बनेगा भारत का दूसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम, इतनी होगी क्षमता

लेखन Manoj Panchal
Apr 02, 2026
02:45 pm

क्या है खबर?

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) नवी मुंबई में एक लाख दर्शकों की क्षमता वाला नया क्रिकेट स्टेडियम बनाने की तैयारी कर रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। MCA के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने हाल ही में नगर एवं औद्योगिक विकास निगम (CIDCO) के प्रबंध निदेशक विजय सिंघल से मुलाकात की, जो इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए उपयुक्त जमीन तलाशने के प्रयासों का हिस्सा हैं।

परियोजना

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रखा था विचार

इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, नाइक ने बताया कि 1 लाख क्षमता वाले स्टेडियम का विचार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रखा था। उन्होंने कहा, "कुछ महीने पहले माननीय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह विचार व्यक्त किया था कि मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को एक लाख दर्शकों की क्षमता वाला स्टेडियम बनाने का प्रयास करना चाहिए।" नाइक जल्द ही फडणवीस से मुलाकात करेंगे, ताकि इस परियोजना पर चर्चा कर इसे आगे बढ़ाया जा सके।

बयान 

नवी मुंबई सबसे उपयुक्त स्थान- नाइक

नाइक ने आगे कहा कि इस क्षमता का विश्वस्तरीय स्टेडियम बनाने के लिए नवी मुंबई सबसे उपयुक्त स्थान है। नाइक ने कहा, "नवी मुंबई एक उभरता हुआ और तेजी से विकसित हो रहा क्षेत्र है, जहां बेहतरीन कनेक्टिविटी और एयरपोर्ट के नजदीक होने का फायदा है। इस क्षमता का विश्वस्तरीय स्टेडियम बनाने के लिए यह एकदम उपयुक्त स्थान है।" उन्होंने यह भी बताया कि स्टेडियम का काम शुरू करने से पहले करीब छह महीने तक विस्तृत योजना बनाई जाएगी।

Advertisement

बयान 

नरेंद्र मोदी स्टेडियम है भारत और दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम

यह स्टेडियम भारत का दूसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम होगा। फिलहाल अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम भारत और दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है। नाइक ने कहा कि यह परियोजना महाराष्ट्र के खेल ढांचे को मजबूत करेगी और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने में मदद करेगी। उनके अनुसार, इस तरह के बड़े स्टेडियम से मुंबई की अंतरराष्ट्रीय मैचों और बड़े टूर्नामेंट आयोजित करने की क्षमता बढ़ेगी।

Advertisement