PSL फ्रेंचाइजी मुल्तान सुल्तांस के मालिक आलमगीर तरीन ने की आत्महत्या, घर में मृत मिले
क्या है खबर?
पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) फ्रेंचाइजी मुल्तान सुल्तांस के मालिक आलमगीर तरीन (63) ने आत्महत्या कर ली है।
ESPN क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, आलमगीर गुरुवार सुबह लाहौर स्थित अपने घर में मृत मिले थे। पुलिस को मौके से एक पत्र भी बरामद किया है। उसमें क्या लिखा है, इसका खुलासा नहीं हुआ।
PSL फ्रेंचाइजी ने ट्वीट कर तरीन की मौत की खबर की पुष्टि की है। उनके अलावा, लाहौर कलंदर्स ने भी तरीन की मौत पर शोक व्यक्त किया है।
बयान
फ्रेंचाइजी ने जताया दुख
फ्रेंचाइजी ने ट्वीट किया, 'बहुत दुख के साथ हम अपने टीम मालिक आलमगीर खान तरीन के निधन की खबर साझा कर रहे हैं। हमारी प्रार्थनाएं तरीन के परिवार के साथ हैं। हम आप सभी से उनके परिवार की गोपनीयता का सम्मान करने का अनुरोध करते हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।'
लाहौर कलंदर्स ने ट्वीट किया, 'लाहौर कलंदर्स प्रबंधन आलमगीर तरीन की मौत से दुखी है। हम इस चुनौतीपूर्ण समय से निपटने के लिए उनके परिवार के साथ हैं।'
जानकारी
PSL में मुल्तान सुल्तांस का प्रदर्शन
मुल्तान सुल्तांस ने PSL में एक बार खिताब पर कब्जा जमाया है। 2021 में उन्होंने फाइनल में पेशावर जाल्मी को हराया था। इसके अलावा पिछले 2 सीजन से फ्रेंचाइजी उपविजेता रही है। 2022 और 2023 में लाहौर कलंदर ने फाइनल में उन्हें मात दी थी।