
आंकड़ों का कमाल: टेस्ट में महेंद्र सिंह धोनी SENA देशों में कभी नहीं लगा पाए शतक
क्या है खबर?
महेंद्र सिंह धोनी टेस्ट क्रिकेट में भारत के सबसे चतुर कप्तानों में से एक रहे हैं। उन्होंने विदेशी धरती पर कई यादगार पारियां खेलीं, लेकिन SENA (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों की चुनौतीपूर्ण पिचों पर उनके बल्ले से टेस्ट क्रिकेट में कभी शतक नहीं निकल सका। SENA देशों की तेज और उछाल भरी पिचों पर वह कई बार जूझे, संभले, मगर कभी 100 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सके। आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया में धोनी ने सिर्फ 19.43 की औसत से बनाए रन
धोनी ने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर अपना पहला टेस्ट मुकाबला साल 2007 में खेला था। आखिरी बार वह 2014 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ उनकी सरजमीं पर खेलने उतरे थे। इस दौरान उन्होंने वहां कुल 9 मुकाबले खेले और 18 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए सिर्फ 311 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया में उनकी औसत केवल 19.43 की रही थी। इस दौरान उनके बल्ले से सिर्फ 1 अर्धशतक निकला और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 57* रन रहा था।
इंग्लैंड
इंग्लैंड में धोनी ने 23 पारियां खेली पर शतक से रहे दूर
धोनी ने इंग्लैंड की धरती पर कुल 12 टेस्ट मैच खेले और इनकी 23 पारियों में वह 2 बार नाबाद रहे और कुल 778 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 8 अर्धशतक तो निकले, लेकिन वह एक भी शतक नहीं जड़ सके। इंग्लैंड में उनकी औसत 37.04 की रही, जो संतुलित माना जा सकता है। धोनी का इंग्लैंड में सर्वश्रेष्ठ स्कोर 92 रन रहा, यानी वह एक बार शतक के बेहद करीब पहुंचकर भी चूक गए।
दक्षिण अफ्रीका
दक्षिण अफ्रीका में 13 पारियों में सिर्फ 1 अर्धशतक
दक्षिण अफ्रीका में धोनी ने अपना पहला टेस्ट मुकाबला साल 2006 में खेला था, जबकि आखिरी बार वह वहां 2013 में खेलते हुए नजर आए थे। इस दौरान उन्होंने कुल 7 टेस्ट मैच खेले और 13 पारियों में 28.46 की औसत से 370 रन बनाए थे। उनके बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतक निकला, जबकि सर्वोच्च स्कोर 90 रन रहा। एक बार उनके बल्ले से बड़ी पारी की उम्मीद तो जगी थी, लेकिन शतक का दरवाजा आखिरकार बंद ही रह गया।
न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड में धोनी के आंकड़े रहे अच्छे, लेकिन शतक से रहे दूर
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ उनकी धरती पर धोनी ने पहला टेस्ट 2009 में खेला था। आखिरी बार वह वहां 2014 में खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 4 टेस्ट मैच खेले थे और इसकी 6 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए 272 रन बनाए थे। उनकी औसत 54.40 की रही थी। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले थे और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 68 रन रहा था। न्यूजीलैंड में भी धोनी के बल्ले से शतक नहीं निकल पाया था।