Page Loader
आज ही के दिन धोनी ने लिया था अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास, जानिए उनके आंकड़े 
महेंद्र सिंह धोनी दुनिया के दिग्गज खिलाड़ी रहे हैं (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

आज ही के दिन धोनी ने लिया था अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास, जानिए उनके आंकड़े 

Aug 15, 2023
03:47 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 15 अगस्त, 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उन्हें संन्यास लिए आज 3 साल हो गए हैं। हालांकि, वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए खेलते नजर आते हैं। धोनी ने 4 मिनट और 7 सेकेंड का वीडियो शेयर कर संन्यास की घोषणा की थी। ऐसे में आइए धोनी के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

आखिरी

धोनी ने कब खेला था अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच? 

धोनी ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2019 के वनडे विश्व कप में खेला था। 9 जुलाई, 2019 को भारत और न्यूजीलैंड के बीच विश्व कप का सेमीफाइनल खेला गया था। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 239 रन बनाए थे। जवाब में पूरी भारतीय टीम 221 रन ही बना पाई। धोनी टीम की आखिरी उम्मीद थे और वह 72 गेंद में 50 रन बनाकर रन आउट हो गए और भारत की उम्मीद भी खत्म हो गई।

करियर

कैसा रहा है धोनी का वनडे करियर?

धोनी ने पहला वनडे मैच साल 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था। उन्होंने 350 मैच खेले हैं और इसकी 297 पारियों में 50.57 की औसत से 10,773 रन बनाए हैं। 183 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ धोनी ने 10 शतक और 73 अर्धशतक लगाए हैं। उन्होंने 321 कैच लपके हैं और 123 खिलाड़ियों को स्टंप आउट भी किया है। कुमार संगाकारा (482) और एडम गिलक्रिस्ट (472) के बाद धोनी वनडे में सबसे ज्यादा शिकार करने वाले विकेटकीपर हैं।

टेस्ट

धोनी ने टेस्ट क्रिकेट से साल 2014 में ही ले लिया था संन्यास 

धोनी ने भारत के लिए टेस्ट खेलना साल 2014 में ही छोड़ दिया था। उन्होंने 90 टेस्ट मैच खेले और इसकी 144 पारियों में 38.09 की औसत के साथ 4,876 रन बनाने में कामयाब रहे। उन्होंने 224 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ टेस्ट मैचों में 6 शतक और 33 अर्धशतक लगाए हैं। धोनी ने टेस्ट में 256 कैच लपके हैं और 38 स्टंप आउट किया है। धोनी ने अपना आखिरी मुकाबला ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था।

टी-20

टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में धोनी के आंकड़े 

धोनी ने भारत के लिए 98 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इसकी 85 पारियों में उन्होंने 37.60 की औसत से 1,617 रन बनाने में कामयाब रहे हैं। उन्होंने 56 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ टी-20 क्रिकेट में 2 अर्धशतक लगाए हैं। धोनी ने टी-20 क्रिकेट में 57 कैच लपके हैं और 34 स्टंप आउट किए हैं। उन्होंने अपना आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच साल 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था।

कप्तान

धोनी के कप्तानी रिकॉर्ड पर एक नजर

धोनी भारत के लिए 60 टेस्ट में कप्तान रहे हैं। 27 मुकाबले भारत जीता है और 18 मैच में टीम को हार मिली है। 15 मैच ड्रॉ रहे हैं। उन्होंने 200 वनडे मुकाबले में भी कप्तानी की है, 110 मैच में टीम को जीत और 74 मैच में टीम को हार मिली है। धोनी की कप्तानी में 72 टी-20 मैचों में भारत को 41 में जीत मिली है। 28 मैच में टीम को हार का सामना करना पड़ा है।