Page Loader
विश्व कप के बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह सकते सकते हैं धोनी- रिपोर्ट्स

विश्व कप के बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह सकते सकते हैं धोनी- रिपोर्ट्स

Jul 03, 2019
04:29 pm

क्या है खबर?

2019 क्रिकेट विश्व कप में अपनी धीमी पारियों को लेकर पूर्व कप्तान एम एस धोनी को कई पूर्व खिलाड़ियों और क्रिकेट पंडितों से आलोचनाओं का सामना करना पड़ा रहा है। इस बीच एक न्यूज एजेंसी के हवाले से खबर आई है कि धोनी 2019 विश्व कप के ठीक बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं। न्यूज एजेंसी ने BCCI के एक अधिकारी के हवाले से दावा किया है कि धोनी 2019 विश्व कप में ही अपना फेयरवेल मैच खेलेंगे।

बातचीत

विश्व कप के बाद धोनी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं- BCCI अधिकारी

BCCI के एक वरिष्ठ अधिकारी ने न्यूज़ी एजेंसी से बातचीत में कहा, "आप धोनी को लेकर कुछ नहीं कह सकते हैं। लेकिन विश्व कप के बाद वह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं।" उन्होंने आगे कहा, "धोनी ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से कप्तानी छोड़ने के फैसले भी अचानक लिए थे। ऐसे में धोनी को लेकर भविष्यवाणी करना फिलहाल अभी सही नहीं होगा।" हालांकि, भारतीय टीम प्रबंधन अभी इस बारे में खुल कर कुछ भी नहीं बोल रहा है।

आलोचना

अफगानिस्तान के खिलाफ धीमी पारी के बाद धोनी की हुई थी काफी आलोचना

अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में धोनी ने 52 गेंदो में तीन चौको की मदद से सिर्फ 28 रन बनाए थे। मैच में धोनी स्पिनर्स के सामने स्ट्राइक रोटेट करने में भी संघर्ष कर रहे थे। इसके बाद सचिन तेंदुलकर और वीवीएस लक्ष्मण से लेकर कई पूर्व खिलाड़ियों ने धोनी की आलोचना की थी। धोनी इस विश्व कप में अपने स्वभाव के विपरीत बल्लेबाज़ी कर रहे हैं। जिससे उनकी बेस्ट फिनिशर की छवि भी धूमिल हो रही है।

जानकारी

2019 विश्व कप में औसत रहा है धोनी का प्रदर्शन

2019 क्रिकेट विश्व कप में धोनी ने अब तक सात पारियों में एक अर्धशतक की मदद से सिर्फ 223 रन बनाए हैं। इस बीच धोनी को अपने स्ट्राइक रेट को लेकर काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।

उपलब्धि

ICC की तीनों ट्रॉफी जीतने वाले दुनिया के पहले कप्तान हैं धोनी

2019 क्रिकेट विश्व कप से पहले भी ऐसी खबरें आई थी कि धोनी विश्व के बाद क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं। उल्लेखनीय है कि धोनी ICC की तीनों ट्रॉफी जीतने वाले दुनिया के पहले कप्तान हैं। धोनी ने 2007 टी-20 विश्व कप, 2013 चैंपियन ट्रॉफी और 2011 विश्व कप जीत कर ये कारनामा किया था। इसके साथ ही धोनी ने अपनी कप्तानी से भारतीय क्रिकेट टीम को टेस्ट क्रिकेट में नंबर वन पर भी पहुंचाया है।

जानकारी

टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं धोनी

गौरतलब है कि धोनी ने 2014 में ही टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। धोनी ने भारत के लिए 90 टेस्ट में 38.09 की औसत से 4,876 रन बनाए हैं। जिसमें 6 शतक, 1 दोहरा शतक और 33 अर्धशतक शामिल हैं।

रिप्लेसमेंट

विश्व कप के बाद ऋषभ पंत ले सकते हैं धोनी की जगह

अगर 2019 क्रिकेट विश्व कप के बाद धोनी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहते हैं, तो ऋषभ पंत भारतीय टीम में धोनी की जगह लेने के प्रबल दावेदार हैं। पंत टेस्ट क्रिकेट में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। हालांकि, सफेद गेंद की क्रिकेट में अभी तक उन्होंने अपने खेल से वो प्रभाव नहीं छोड़ा है। लेकिन यह कहना भी गलत नहीं होगा कि विकेट के पीछे धोनी की बराबरी करने वाले फिलहाल कोई नहीं है।