चैंपियंस ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के लिए इन बल्लेबाजों ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन
क्या है खबर?
आगामी चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज 19 फरवरी से होना है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत इंग्लैंड के खिलाफ 22 फरवरी को करेगी।
अब तक इस टूर्नामेंट में कंगारू टीम के कई दिग्गज बल्लेबाज खेले हैं और इस बार भी स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड जैसे स्टार बल्लेबाज खेलते हुए नजर आएंगे। ऑस्ट्रेलिया ने 2 बार इस टूर्नामेंट को जीता है।
ऐसे में आइए चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।
#1
रिकी पोंटिग
पहले स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज और कप्तान रिकी पोंटिग हैं।
उन्होंने साल 1998 की चैंपियंस ट्रॉफी में अपना पहला मुकाबला खेला था। आखिरी बार वह 2009 के टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर आए थे।
पोंटिग ने 18 मैच की 18 पारियों में 3 बार नाबाद रहते हुए 39.53 की औसत से 593 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 4 अर्धशतक और 1 शतक निकला था। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 111* रन रहा था।
#2
डेमियन मार्टिन
कंगारू टीम के पूर्व स्टार बल्लेबाज डेमियन मार्टिन इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं।
उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी में पहला मुकाबला साल 1998 में खेला था। आखिरी बार वह 2006 में यह टूर्नामेंट खेलते हुए नजर आए थे।
उन्होंने 12 मैच की 11 पारियों में 61.50 की औसत से 492 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 5 अर्धशतक निकले थे। उनका चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे बड़ा स्कोर 78 रन रहा था।
#3
शेन वॉटसन
सूची में तीसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया टीम के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर खिलाड़ी शेन वॉटसन हैं।
उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी का पहला मैच साल 2002 में खेला था। आखिरी बार वह 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी खेलते हुए नजर आए थे।
उन्होंने 17 मैच की 15 पारियों में 41.18 की औसत के साथ 453 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 2 शतक और 2 अर्धशतक निकले थे।
वॉटसन का इस टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ स्कोर 136* रन रहा था।
#4
एडम गिलक्रिस्ट
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट इस सूची में चौथे स्थान पर हैं।
उन्होंने साल 1998 की चैंपियंस ट्रॉफी में अपना पहला मुकाबला खेला था। आखिरी बार वह 2006 की चैंपियंस ट्रॉफी में खेलते हुए नजर आए थे।
वह ऑस्ट्रेलिया के लिए 13 मुकाबले खेले और इसकी 13 पारियों में 31.83 की औसत से 382 रन बनाने में सफल रहे। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 92 रन रहा था।