क्विंटन डिकॉक विश्व कप के एक संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने वाले दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर बने
क्या है खबर?
वनडे विश्व कप 2023 के 32वें मुकाबले में बुधवार को दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने एक कीर्तिमान अपने नाम किया।
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ पुणे के मैदान पर वह विश्व कप के एक संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने वाले दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर बन गए हैं।
डिकॉक मौजूदा विश्व कप में 7 पारियों में अब तक 486 से ज्यादा रन बना चुके हैं।
आंकड़े
जैक कैलिस दूसरे नंबर पर
विश्व कप के एक संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने वाले दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर की सूची में अब दूसरे नंबर पर जैक कैलिस हैं। उन्होंने 2007 में 9 पारियों में 485 रन बनाए थे।
सूची में तीसरे नंबर पर एबी डिविलियर्स, चौथे पर ग्रीम स्मिथ और 5वें पायदान पर पीटर कर्स्टन हैं।
डिविलियर्स ने 2015 में 7 पारियों में 482 रन, स्मिथ ने 2007 में 10 पारियों में 433 और पीटर ने 1992 में 8 पारियों में 410 रन बनाए थे।
प्रदर्शन
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डिकॉक का प्रदर्शन
30 साल के बल्लेबाज डिकॉक ने 2013 में अपने वनडे करियर का आगाज न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ किया था।
उन्होंने 152 मैचों की इतनी ही पारियों में करीब 46 की औसत और 96.9 की स्ट्राइक रेट से 6,667 से ज्यादा रन बनाए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वाधिक स्कोर 178 रन है।
उन्होंने 54 टेस्ट की 91 पारियों में 3,300 रन बनाए थे। साथ ही 80 टी-20 अंतरराष्ट्रीय की 79 पारियों में उनके बल्ले से 2,277 रन निकले हैं।