Page Loader
चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में एक मैच के दौरान सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले गेंदबाज
हारिस रऊफ ने 83 रन खर्च किए (तस्वीर: एक्स/@ICC)

चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में एक मैच के दौरान सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले गेंदबाज

Feb 20, 2025
03:47 pm

क्या है खबर?

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले मैच में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ 320 रन बना दिए थे। इस दौरान तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने 10 ओवर में 83 रन खर्च कर दिए। वह चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में एक मैच के दौरान सबसे महंगा स्पेल डालने वाले संयुक्त रूप से चौथे गेंदबाज बन गए हैं। ऐसे में आइए उन गेंदबाजों के बारे में जानते हैं जिन्होंने इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन लुटाए हैं।

#1

वहाब रियाज 

इस सूची में पहले स्थान पर पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वहाब रियाज हैं। उन्होंने 2017 की चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ 8.4 ओवर में 87 रन खर्च कर दिए थे। उनकी इकॉनमी रेट 10.03 की रही थी। भारत ने पहले बल्लेबाजी की थी और 319/3 का स्कोर बनाया था। जवाब में पाकिस्तान सिर्फ 164 रन पर ऑलआउट हो गई थी। भारत ने यह मुकाबला डकवर्थ लुईस नियम से 124 रन से जीता था।

#2

तिनशे पन्यांगार

सूची में दूसरे स्थान पर जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज तिनशे पन्यांगार हैं। उन्होंने साल 2004 की चैंपियंस ट्रॉफी में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 10 ओवर में 86 रन खर्च कर दिए थे। उनकी इकॉनमी रेट 8.60 की रही थी। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 299/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में जिम्बाब्वे सिर्फ 147 रन पर ऑलआउट हो गई थी। उस मुकाबले में इंग्लिश टीम को 152 रन से जीत मिली थी।

#3

लसिथ मलिंगा 

तीसरे स्थान पर श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा हैं। उन्होंने साल 2009 की चैंपियंस ट्रॉफी में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 10 ओवर में 85 रन खर्च कर दिए थे। उनकी इकॉनमी रेट 8.50 की रही थी। कीवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 315/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में श्रीलंका की टीम 277 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। कीवी टीम को उस मैच में 38 रन से जीत मिली थी।

#4

लोनवाबो त्सोत्सोबे और हारिस रऊफ

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व गेंदबाज लोनवाबो त्सोत्सोबे और पाकिस्तान के हारिस इस सूची में संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं। त्सोत्सोबे ने साल 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के खिलाफ 10 ओवर में 83 रन खर्च किए थे और 2 विकेट लिए थे। भारतीय टीम ने पहली पारी में 331/7 का स्कोर बनाया था। दक्षिण अफ्रीका 305 रन पर ऑलआउट हो गई थी। रऊफ ने भी 10 ओवर में 83 रन दिए थे और 2 विकेट लिए थे।