Page Loader
टी-20 विश्व कप: न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज 
केन विलियमसन ने टी-20 विश्व कप में अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए हैं (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 विश्व कप: न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज 

May 15, 2024
05:41 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2024 का आगाज 1 जून से होने जा रहा है। इसकी मेजबानी वेस्टइंडीज और अमेरिका को मिली है। इस टूर्नामेंट के लिए न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। पिछले संस्करण में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी। टीम के कप्तान केन विलियमसन थे, जो इस बार भी कमान संभाल रहे हैं। ऐसे में आइए इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले शीर्ष कीवी बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।

#1

केन विलियमसन

न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने अपनी टीम के लिए टी-20 विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। इस खिलाड़ी ने अपना पहला मुकाबला साल 2012 में खेला था। 25 मैच की 24 पारियों में उन्होंने 33.28 की औसत और 113.84 की स्ट्राइक रेट से 699 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 85 रन रहा है। वह 3 बार टी-20 विश्व कप में नाबाद भी रहे हैं।

#2

ब्रेंडन मैकुलम

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैकुलम टी-20 विश्व कप में कीवी टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने अपना पहला मुकाबला साल 2007 में खेला था। इस खिलाड़ी ने 25 मैच की 25 पारियों में 3 बार नाबाद रहते हुए 637 रन बनाए थे। उनकी औसत 28.95 और स्ट्राइक रेट 128.42 की थी। उन्होंने 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 123 रन था।

#3

मार्टिन गुप्टिल

न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल इस मामले में तीसरे स्थान पर हैं। टी-20 विश्व कप में उन्होंने पहला मुकाबला साल 2009 में खेला था। इस खिलाड़ी ने 28 मैच की 27 पारियों में 24.68 की औसत और 114.25 की स्ट्राइक रेट से 617 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 93 रन रहा है। आखिरी बार वह 2021 के विश्व कप में खेलते हुए नजर आए थे।

#4

रॉस टेलर 

न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज रॉस टेलर टी-20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने पहला मुकाबला साल 2007 और आखिरी मैच साल 2016 के विश्व कप में खेला था। टेलर ने 28 मैच की 25 पारियों में 5 बार नाबाद रहते हुए 562 रन बनाए है। उनकी औसत 28.10 और स्ट्राइक रेट 127.72 की रही है। उन्होंने 3 अर्धशतक लगाए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 62 रन रहा है।