Page Loader
टी-20 विश्व कप: एक संस्करण में वेस्टइंडीज के इन बल्लेबाजों ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन 
टी-20 विश्व कप में क्रिस गेल ने कई शानदार पारियां खेली हैं (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 विश्व कप: एक संस्करण में वेस्टइंडीज के इन बल्लेबाजों ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन 

Jun 01, 2024
04:38 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2024 इस बार 1 जून से अमेरिका और वेस्टइंडीज की संयुक्त मेजबानी में खेला जाना है। रोवमैन पॉवेल की कप्तानी में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम तीसरी बार खिताब अपने नाम करना चाहेगी। टी-20 प्रारूप में अपने आक्रामक अंदाज के लिए मशहूर वेस्टइंडीज टीम इस बार भी खिताब की प्रबल दावेदार होने वाली है। ऐसे में आइए वेस्टइंडीज के उन खिलाड़ियों पर नजर डालते हैं, जिन्होंने विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं।

#1

मार्लन सैमुअल्स- 230 रन 

वेस्टइंडीज ने पहली बार साल 2012 में टी-20 विश्व कप अपने नाम किया था। टीम के पूर्व स्टार बल्लेबाज मार्लन सैमुअल्स ने उस विश्व कप में वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए थे। उनके बल्ले से 7 मैच की 6 पारियों में 38.33 की औसत और 132.94 की स्ट्राइक रेट से 230 रन निकले थे। सैमुअल्स ने 3 अर्धशतक भी जड़े थे और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 78 रन था। फाइनल मुकाबले में उन्होंने 78 रन की पारी खेली थी।

#2

क्रिस गेल- 222 रन 

2012 के टी-20 विश्व कप में क्रिस गेल का बल्ला भी जमकर बोला था। उन्होंने 7 मैच की 6 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए 22 रन बनाए थे। उनकी औसत 44.40 और स्ट्राइक रेट 150 की रही थी। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले थे और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 75* रन रहा था। सैमुअल्स के बाद वेस्टइंडीज के लिए 2012 के विश्व कप में सबसे ज्यादा रन गेल ने ही बनाए थे।

#3

क्रिस गेल- 193 रन 

2009 के टी-20 विश्व कप में वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा रन गेल ने ही बनाए थे। उनके बल्ले से 5 मैच की 5 पारियों में 193 रन निकले थे। उनकी औसत 48.25 और स्ट्राइक रेट 134.02 की रही थी। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले थे और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 88 रन रहा था। उस विश्व कप में इस दिग्गज खिलाड़ी से ज्यादा रन सिर्फ जैक्स कैलिस (238) और तिलकरत्ने दिलशान (317) ने बनाए थे।

#4

मार्लन सैमुअल्स- 181 रन 

वेस्टइंडीज ने साल 2016 में दूसरी बार विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था। उस विश्व कप में भी वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज सैमुअल्स ही थे। उन्होंने 6 मैच की 6 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए 181 रन बनाए थे। उनकी औसत 36.20 की रही थी और उन्होंने 112.42 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी। उन्होंने 1 अर्धशतक लगाया था और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 85* रन रहा था।