Page Loader
IPL नीलामी: 15.50 करोड़ में बिके पैट कमिंस, जानिए पिछले सभी सीज़न के सबसे महंगे खिलाड़ी

IPL नीलामी: 15.50 करोड़ में बिके पैट कमिंस, जानिए पिछले सभी सीज़न के सबसे महंगे खिलाड़ी

लेखन Neeraj Pandey
Dec 19, 2019
06:12 pm

क्या है खबर?

कोलकाता में इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीज़न की नीलामी में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों का बोलबाला रहा। नीलामी में ऑस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज़ पैट कमिंस 15.50 करोड़ रुपये में बिके और इस सीज़न के सबसे महंगे खिलाड़ी बने। कमिंस को कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपनी टीम में शामिल किया। इसके साथ ही कमिंस IPL के इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी हो गए हैं। आइये जानें IPL 2008 से IPL 2019 तक कौन-कौन से खिलाड़ी सबसे ज्यादा कीमत में बिके थे।

#1&2

पहले सीजन धोनी रहे थे सबसे महंगे

IPL की शुरुआत से ठीक पहले एमएस धोनी ने अपनी कप्तानी में भारत को टी-20 विश्व कप जिताया था। टूर्नामेंट के पहले सीजन में धोनी 1.5 मिलियन डॉलर (तब के लगभग छह करोड़ रूपये) में बिके थे और सबसे महंगे खिलाड़ी रहे थे। 2009 में एंड्रयू फ्लिंटॉफ और केविन पीटरसन 1.55 मिलियन डॉलर (तब के लगभग सात करोड़ 75 लाख रूपये) में बिके थे। दोनों ही खिलाड़ी संयुक्त रूप से सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे थे।

#3&4

2010 में बॉन्ड और 2011 में गंभीर रहे थे सबसे महंगे

2010 में न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज शेन बॉन्ड 0.75 मिलियन डॉलर (तब के लगभग तीन करोड़ 45 लाख रूपये) में बिके थे और उस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे थे। 2011 में पूर्व भारतीय बल्लेबाज गौतम गंभीर ने IPL के सभी रिकॉर्ड तोड़ डाले और 2.4 मिलियन डॉलर (तब के लगभग 10 करोड़ 80 लाख रूपये) में बिके। आज के डॉलर के रेट के हिसाब से देखें तो गंभीर IPL नीलामी में बिकने वाले सबसे महंगे खिलाड़ी हैं।

#5&6

2012 में जडेजा और 2013 में मैक्सवेल ने मचाया धमाल

स्टार भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को 2012 में दो मिलियन डॉलर (तब के लगभग 10 करोड़ रूपये) में खरीदा गया था। कोच्चि टस्कर्स केरला के निलंबित हो जाने के बाद जडेजा के लिए चेन्नई सुपरकिंग्स ने इतनी बड़ी बोली लगाई थी। 2012 में दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए खेलने वाले ग्लेन मैक्सवेल को 2013 में मुंबई इंडियंस ने एक मिलियन डॉलर (तब के लगभग पांच करोड़ 31 लाख रूपये) में खरीदा था।

#7&8

2014 और 2015 में युवराज ने तोड़े सभी रिकॉर्ड

2013 में पुणे वारियर्स इंडिया को लीग से बाहर किए जाने के बाद 2014 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने युवराज सिंह को 14 करोड़ रूपये की कीमत में खरीदा और लीग इतिहास का सबसे महंगा खिलाड़ी बना दिया। एक सीजन बैंगलोर के साथ बिताने के बाद अगले सीजन दिल्ली डेयरडेविल्स ने एक बार फिर युवराज को लीग इतिहास का सबसे महंगा खिलाड़ी बनाया। 2015 में युवराज 16 करोड़ रूपये में बिके और अब तक लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं।

#9&10

2016 और 2017 में रहा विदेशी खिलाड़ियों का जलवा

2008 से लेकर 2015 तक राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले ऑस्ट्रेलियन ऑलराउंडर शेन वाटसन ने 2016 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को प्रभावित किया। 2016 में बैंगलोर ने उन्हें 9.5 करोड़ रूपये में खरीदकर सीजन का सबसे महंगा खिलाड़ी बनाया। इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने 2017 में पहली बार IPL में शामिल होने का निर्णय लिया और राइजिंग पुणे सुपरजॉयंट्स ने उन्हें 14.5 करोड़ रूपये के दाम में खरीदकर लीग इतिहास का सबसे महंगा विदेशी खिलाड़ी बनाया।

#11&12

2018 और 2019 में ये रहे सबसे महंगे

2017 में राइजिंग पुणे सुपरजॉयंट्स के लिए खेलने वाले स्टोक्स को 2018 में राजस्थान रॉयल्स ने 12.5 करोड़ रूपये के दाम में खरीदा। युवराज के बाद लगातार दो सीजन सबसे महंगे खिलाड़ी बनने वाले स्टोक्स पहले खिलाड़ी बने थे। 2019 में किंग्स इलेवन पंजाब ने अनकैप्ड वरुण चक्रवर्ती को 8.4 करोड़ रूपये में खरीदकर जयदेव उनादकट के साथ संयुक्त रूप से सबसे महंगा खिलाड़ी बनाया था।