मोहम्मद सिराज ने विदेश में पूरे किए 100 टेस्ट विकेट, जानिए अहम आंकड़े
क्या है खबर?
स्टार भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने टेस्ट क्रिकेट में एक और उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने अब घर से बाहर खेलते हुए 100 टेस्ट विकेट पूरे कर लिए हैं। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन यह उपलब्धि हासिल की। सिराज ने दिनेश चांदीमल को आउट कर विदेश में अपने 100वें टेस्ट विकेट का आंकड़ा छुआ।
आंकड़े
कैसे हैं सिराज के आंकड़े?
सिराज ने 2020 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट में अपना टेस्ट डेब्यू किया था और तब से ही भारत के टेस्ट गेंदबाजी आक्रमण के अहम सदस्य रहे हैं।
वे अब तक 47 टेस्ट मैचों में 141 विकेट ले चुके हैं।
सिराज ने विदेश में 27 टेस्ट मैच में 100 विकेट, वहीं भारत में खेलते हुए 19 मैचों में 36 विकेट और न्यूट्रल वेन्यू पर एक मैच में 5 विकेट लिए हैं।
रिकॉर्ड
विदेश में लिए हैं सभी 5-विकेट हॉल
सिराज के टेस्ट करियर के सभी 5-विकेट हॉल विदेश में ही आए हैं। इनमें इंग्लैंड में 2 और ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका व वेस्टइंडीज में 1-1 शामिल है।
विदेश में सिराज ने 30 से कम की औसत से 100 विकेट पूरे किए हैं। क्रिकइंफो के अनुसार, वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले 12वें भारतीय बन गए हैं।
इन खिलाड़ियों में जसप्रीत बुमराह ही ऐसे गेंदबाज हैं, जिनकी औसत 30 से कम है। उनकी विदेश में टेस्ट गेंदबाजी औसत 20 है।