Loading...
मोहम्मद शमी का भारतीय टीम में वापसी पर बयान, कहा- मैं अभी अपने चरम पर हूं
मोहम्मद शमी ने भारतीय टीम में वापसी पर बड़ा बयान दिया है

मोहम्मद शमी का भारतीय टीम में वापसी पर बयान, कहा- मैं अभी अपने चरम पर हूं

Oct 20, 2026
06:25 pm

क्या है खबर?

भारतीय टीम के दिग्गज तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने अपनी फिटनेस और घरेलू क्रिकेट में छोटे स्पेल फेंकने को लेकर हो रही आलोचनाओं पर तीखा पलटवार किया है। आगामी न्यूजीलैंड दौरे के लिए टेस्ट टीम से नजरअंदाज किए जाने और बंगाल के दूसरे रणजी मैच में न खेलने के बाद उठ रहे सवालों पर शमी ने कहा कि वे अभी भी अपने करियर के चरम पर हैं और उन्होंने भारतीय टीम में वापसी की उम्मीदें बिल्कुल नहीं छोड़ी हैं।

बयान

शमी ने क्या दिया बयान?

शमी ने पालम में सर्विसेज के खिलाफ बंगाल की जीत के बाद छोटे स्पैल के सवालों पर पत्रकारों से कहा, "बाहर बैठा कोई दूसरा व्यक्ति यह कैसे तय कर सकता है कि मैं लंबे स्पेल फेंकूंगा या नहीं? यह पूरी तरह टीम की जरूरत पर निर्भर करता है। ऐसा नहीं है कि मैं बस ओवर के बाद ओवर फेंकता ही रहूंगा। इस जैसी विकेट पर यह कैसे तय किया जा सकता है कि तेज गेंदबाज 5 या 10 ओवर फेंकेगा?"

स्थिति

गेंदबाजी मैच की स्थिति और पिच के मिजाज पर करती है निर्भर- शमी

शमी ने आगे कहा, "अगर बल्लेबाज असहज महसूस कर रहा है, तो तेज गेंदबाज गेंदबाजी करेगा। अगर हमें लगेगा कि स्पिनर विकेट ले सकता है, तो जाहिर है वही गेंदबाजी करेगा। यह चीज पूरी तरह खेल की स्थिति और पिच के मिजाज पर निर्भर करती है। यह कप्तान का फैसला होता है।"

उन्होंने कहा, "मैं अभी भी अपने चरम पर हूं। इधर-उधर की बातें करने का कोई मतलब नहीं है। मैं जैसा भी हूं, अपने चरम पर हूं।"

ADVERTISEMENT

वापसी

भारतीय टीम में वापसी पर क्या बोले शमी?

शमी ने भारतीय टीम में वापसी की उम्मीदों पर कहा, "मैं उम्मीद क्यों छोड़ूं? उम्मीद हमेशा बनी रहनी चाहिए। आपके पास हमेशा एक लक्ष्य होना चाहिए। मैं इस बात से इनकार नहीं करता कि मेरा भी वह लक्ष्य भारतीय टीम में वापसी है।"

उन्होंने कहा, "मैं इतनी दूर आगे की नहीं सोचता। जिंदगी में कब क्या हो जाए, कोई नहीं जानता। यह सोचने का कोई मतलब नहीं है। बस मैच खेलते जाओ और खुद में सुधार करते जाओ।"

ADVERTISEMENT

लगाव

शमी को है बंगाल की टीम से लगाव

चयनकर्ताओं से बातचीत के सवाल पर शमी ने कहा, "मैं टीम के साथ नहीं हूं और न ही अनुबंधित हूं, तो अभी मुझसे कोई क्यों बात करेगा?" हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वे घरेलू क्रिकेट खेलकर अपनी लय और IPL की तैयारियां पुख्ता कर रहे हैं।"

उन्होंने कहा, "बंगाल वही टीम है जिसने मुझे नाम दिया है। ये सभी सवाल इसी टीम की बदौलत हैं। मैं जब भी अपने करियर का अंत करूंगा, इसी टीम (बंगाल) के साथ करूंगा।"

परेशानी

लंबे समय से टेस्ट टीम से बाहर हैं शमी

भारतीय चयन समिति के युवा गेंदबाजों को परखने और भविष्य की टीम तैयार करने पर ध्यान केंद्रित करने से शमी को मौका नहीं मिला है।

शमी ने साल 2023 के बाद से भारत के लिए कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है।

हालांकि घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद भी चयन बैठकों में उन पर गंभीरता से विचार नहीं किया जा रहा है, जो कई प्रशंसकों और विशेषज्ञों के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है।

ADVERTISEMENT