मिचेल स्टार्क ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में रविचंद्रन अश्विन को पछाड़ा
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है। स्टार्क ने बांग्लादेश की पहली पारी में घातक गेंदबाजी करते हुए 6/12 के आंकड़े दर्ज किए। इसके साथ ही स्टार्क ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (टेस्ट, वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय) में सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को पीछे छोड़ दिया। आइए उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
उपलब्धि
स्टार्क ने 5वें विकेट के साथ हासिल की उपलब्धि
इस टेस्ट से पहले स्टार्क के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 761 विकेट थे।
बांग्लादेश की पहली पारी में 5वां विकेट लेते ही उन्होंने सर्वाधिक विकेट के मामले में अश्विन को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम 765 विकेट हैं।
अब स्टार्क के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 381 मैचों में 767 विकेट हो गए हैं।
स्टार्क की घातक गेंदबाजी का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपने स्पेल के पहले 4 ओवरों में ही 5 विकेट अपने नाम कर लिए थे।
उपलब्धि
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 11वें सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने स्टार्क
इस प्रदर्शन के बाद स्टार्क अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 11वें सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
स्टार्क की नजर अब न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज टिम साउथी (776 विकेट) के रिकॉर्ड को तोड़ने पर टिकी होंगी, जिससे वे दुनिया के टॉप-10 गेंदबाजों के विशिष्ट क्लब में शामिल हो जाएंगे।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड श्रीलंका के पूर्व दिग्गज स्पिनर मुथैया मुरलीधरन (1,347) के नाम दर्ज है।
जानकारी
स्टार्क अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दूसरे सर्वाधिक विकेट लेने वाले बाएं हाथ के गेंदबाज
स्टार्क अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दूसरे सर्वाधिक विकेट चटकाने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं। इस सूची में केवल पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज वसीम अकरम ही उनसे आगे हैं, जिन्होंने 916 विकेट अपने नाम किए हैं।