मिचेल स्टार्क बने WTC इतिहास में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ मैके टेस्ट मैच के पहले दिन घातक गेंदबाजी करते हुए 6/12 के आंकड़े दर्ज किए। उन्होंने महज 22 गेंदों में अपना 5 विकेट हॉल पूरा किया। इसके दम पर उन्होंने न सिर्फ बांग्लादेश को टेस्ट इतिहास के उसके चौथे सबसे न्यूनतम स्कोर (64/10) पर समेटा, बल्कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) इतिहास में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए। आइए उनके आंकड़े जानते हैं।
गेंदबाजी
कैसी रही स्टार्क की गेंदबाजी?
स्टार्क ने मैच की पहली ही गेंद पर शादमान इस्लाम (0) को आउट कर अपने विकेटों का खाता खोला।
इसके बाद उन्होंने डार्विन टेस्ट के शतकवीर तंजीद हसन (0), नजमुल हुसैन शांतो (0), लिटन दास (0), मोमिनुल हक (9) और शोरिफुल इस्लाम (14) को भी पवेलियन भेजकर बांग्लादेश को धराशाही कर दिया।
उन्होंने कुल 6 विकेट अपने नाम किए। उनका अंतिम गेंदबाजी विश्लेषण 10 ओवर में 6 मेडन के साथ 12 रन देकर 6 विकेट लेना रहा।
रिकॉर्ड
WTC इतिहास में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने स्टार्क
स्टार्क अब WTC इतिहास में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
उनके अब 56 मैचों में 24.50 की औसत और 3.47 की इकॉनमी से 230 विकेट हो गए हैं। इसमें 8 बार 5 विकेट और एक बार मैच में 10 विकेट हॉल शामिल है।
उन्होंने इस मामले में अपने हमवतन खिलाड़ी नाथन लियोन (225 विकेट) और कप्तान पैट कमिंस (225 विकेट) को पीछे छोड़ दिया है।
इनके अलावा अन्य खिलाड़ी के WTC में 200 विकेट भी नहीं है।
उपलब्धि
WTC 2025-27 चक्र में पूरे किए 50 विकेट
स्टार्क ने WTC 2025-27 चक्र में 50 विकेट भी पूरे कर लिए। वे इस चक्र में 10 मैचों में 17.51 की शानदार औसत से अब तक 54 विकेट चटका चुके हैं।
उनके बाद इंग्लैंड के जोश टंग (53 विकेट) का नंबर है। यह टेस्ट इतिहास के सबसे तेज 5-विकेट हॉल स्पेल में शामिल है।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज (15 गेंदों में 5 विकेट) 5 विकेट लेने का सर्वकालिक रिकॉर्ड भी स्टार्क (बनाम वेस्टइंडीज, 2025) के नाम ही दर्ज है।
करियर
कैसा रहा है स्टार्क का टेस्ट करियर?
स्टार्क ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2011 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था।
उन्होंने अब तक कुल 107 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसकी जिसकी 204 पारियों में लगभग 26 की औसत और 3.43 की इकॉनमी से 441 विकेट चटकाए हैं।
वह 19 बार 5 विकेट हॉल भी ले चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 7/58 का रहा है।
टेस्ट में उनसे ज्यादा विकेट वाले ऑस्ट्रेलियाई सिर्फ शेन वॉर्न (708), नाथन लियोन (568*) और ग्लेन मैक्ग्रा (563) हैं।