LOADING...
खेल मंत्रालय ने पद्म विभूषण अवार्ड के लिए भेजा मैरी कॉम का नाम

खेल मंत्रालय ने पद्म विभूषण अवार्ड के लिए भेजा मैरी कॉम का नाम

लेखन Neeraj Pandey
Sep 12, 2019
08:42 pm

क्या है खबर?

खेल मंत्रालय ने अगले साल के अवार्ड्स के लिए कुल 11 एथलीट्स के नाम भेजे हैं जिनमें 9 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। अपनी इस लिस्ट में मंत्रालय ने छह बार वर्ल्ड चैंपियन महिला बॉक्सर मैरी कॉम का नाम पद्म विभूषण के लिए भेजा है। इसके अलावा हाल ही में वर्ल्ड चैंपियनशिप गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय शटलर बनने वाली पीवी सिंधू के लिए पद्म भूषण की सिफारिश की गई है।

पद्म विभूषण

पद्म विभूषण के लिए नामित होने वाली पहली महिला एथलीट बनीं मैरी कॉम

वर्ल्ड चैंपियनशिप में सात बार मेडल जीतने वाली पहली बॉक्सर मैरी कॉम देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान के लिए नामित होने वाली पहली महिला एथलीट बन गई हैं। मैरी कॉम को 2006 में पद्मश्री और 2013 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। इससे पहले शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद (2007), महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर (2008) और पर्वतारोही सर एडमंड हिलेरी (2008) को ही पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है।

पीवी सिंधू

सिंधू जीत चुकी हैं वर्ल्ड चैंपियनशिप में दो ब्रॉन्ज, दो सिल्वर और एक गोल्ड

2013 और 2014 में लगातार दो बार सिंधू को वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा था। 2017 में सिंधू को जापानी खिलाड़ी ओकुहारा ने फाइनल में हराया था जिसके कारण सिंधू को सिल्वर मेडल मिला था। 2018 में एक बार फिर सिंधू फाइनल हार गयी और सिल्वर मेडल ही हासिल कर सकीं। हालांकि, 2019 में सिंधू ने ओकुहारा से 2017 का बदला लिया और गोल्ड मेडल हासिल किया।

Advertisement

हरमनप्रीत कौर

पद्मश्री के लिए नामित हुईं हरमनप्रीत

भारतीय महिला टी-20 क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर का नाम पद्मश्री के लिए भेजा गया है। विदेशी टी-20 लीग में खेलने वाली पहली भारतीय क्रिकेटर बनने वाली हरमनप्रीत ने बिग बैश लीग के पहले सीजन में ही टूर्नामेंट का प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवार्ड जीता था। इसके कुछ दिनों बाद ही हरमन इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के विमेंस लीग में सरे स्टार्स के लिए साइन करने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बनी थीं।

Advertisement

महिला एथलीट्स

अवार्ड्स के लिए नामित होने वाली अन्य महिला एथलीट्स

2014 राष्ट्रमंडल खेल में महिला कुश्ती में स्वर्ण जीतने वाली स्टार रेसलर विनेश फोगाट को पद्मश्री के लिए नामित किया गया है तथा स्टार टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा का नाम भी पद्मश्री के लिए दिया गया है। भारतीय महिल हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल का नाम भी पद्मश्री के लिए भेजा गया है। इसके अलावा पूर्व शूटर सुमा शिरुर और पर्वतारोही जुड़वा बहनों ताशी और नुंग्शी मलिका का नाम भी पद्मश्री के लिए भेजा गया है।

Advertisement